2025 हमले का मामला: दिल्ली कोर्ट ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को भेजा समन
दिल्ली कोर्ट ने 2025 में हुए हमले के मामले में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को गवाह और पीड़ित के तौर पर पेश होने का आदेश दिया है।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को एक पुराने हमले के मामले में अदालत ने गवाही देने के लिए तलब किया है। 2025 में हुई इस वारदात में मुख्यमंत्री न केवल एक गवाह हैं, बल्कि इस हमले की पीड़ित भी हैं। इसी वजह से अदालत ने उन्हें अपनी बात रखने और बयान दर्ज कराने के लिए समन जारी किया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता समन के बाद अब उन्हें अदालत के सामने पेश होकर घटना की सच्चाई बतानी होगी।
यह पूरा मामला 20 अगस्त 2025 का है, जब सिविल लाइंस स्थित मुख्यमंत्री के सरकारी आवास पर 'जन सुनवाई' चल रही थी। इसी दौरान उन पर हमला किया गया था। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने 19 अक्टूबर 2025 को 400 पन्नों की एक विस्तृत चार्जशीट दाखिल की थी। इसके बाद 26 दिसंबर 2025 को आरोपियों के खिलाफ औपचारिक रूप से आरोप तय किए गए थे।
इन धाराओं में दर्ज है केस और ये है अगली तारीख
इस मामले में राजेशभाई खिमजीभाई साकरिया और तहसीन रजा शेख नाम के दो लोगों को आरोपी बनाया गया है। इन पर हत्या के प्रयास, आपराधिक साजिश रचने और एक लोक सेवक (Public Servant) को ड्यूटी के दौरान रोकने या हमला करने जैसी गंभीर धाराएं लगाई गई हैं।
अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश निशांत गर्ग ने आदेश दिया है कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता 16 जनवरी 2027 को तीस हजारी कोर्ट में पेश हों। उनकी गवाही दोपहर के बाद 'इन-कैमरा' कार्यवाही के तहत दर्ज की जाएगी। मुख्यमंत्री के साथ-साथ उनके पर्सनल सिक्योरिटी ऑफिसर (PSO) एएसआई सुरेंद्र को भी उसी दिन गवाही के लिए बुलाया गया है।
इस केस में कानूनी लड़ाई काफी लंबी रही है। अप्रैल 2026 में दिल्ली हाई कोर्ट ने इस मामले की कार्यवाही पर रोक लगाने से इनकार कर दिया था। वहीं, मई 2026 में जब आरोपियों ने तिहाड़ जेल में मारपीट और धमकी मिलने के आरोप लगाए, तो ट्रायल कोर्ट ने जेल प्रशासन से इस पर रिपोर्ट मांगी थी। फिलहाल, इस मामले की पैरवी स्पेशल पब्लिक प्रॉसिक्यूटर प्रदीप राणा और उनकी टीम कर रही है, जबकि आरोपियों की तरफ से वकील सिद्धांत मलिक और सुनीत कुमार दलीलें पेश कर रहे हैं।