'AAP और कांग्रेस के लोग बेरोजगार', वायरल वीडियो पर दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता का पलटवार

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एक वायरल वीडियो को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाया कि उनके पास करने के लिए कोई काम नहीं है, इसलिए वे केवल मुख्यमंत्री पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि विपक्षी दल सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की चर्चा करने के बजाय केवल व्यक्तिगत हमलों में लगे हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने कड़े शब्दों में कहा, "मैं बस इतना कह सकती हूं कि AAP और कांग्रेस के लोग बेरोजगार हैं। उनके पास कोई काम नहीं है। अगर उन्हें केवल दिल्ली की सीएम पर ही ध्यान देना है, तो वे हर जगह मेरे साथ चलें। उन्हें हमारे काम को देखना चाहिए, लेकिन वे यहाँ हो रहे अच्छे कामों पर चर्चा नहीं करते।"
पंजाब की कानून व्यवस्था और JNU पर उठाए सवाल
विपक्ष पर निशाना साधते हुए रेखा गुप्ता ने पंजाब की स्थिति और JNU के मुद्दों को भी बीच में लाया। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में दिनदहाड़े हत्याएं हो रही हैं, लोग आत्महत्या कर रहे हैं और ड्रग माफिया सक्रिय है, लेकिन विपक्षी दल इन गंभीर मुद्दों पर चुप्पी साधे हुए हैं। इसके साथ ही उन्होंने JNU का जिक्र करते हुए कहा कि वहां एक प्रोफेसर द्वारा छात्राओं के साथ दुर्व्यवहार और शोषण की खबरें हैं, लेकिन इस पर कोई आवाज नहीं उठा रहा है।
बता दें कि इससे पहले 14 अक्टूबर को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने डीडीए रामलीला मैदान में 'सनातन संस्कार परिवार' द्वारा आयोजित रामलीला में शिरकत की थी। इस अवसर पर उनके साथ कला, संस्कृति और भाषा मंत्री कपिल मिश्रा और कैबिनेट मंत्री रविंदर इंद्रजीत सिंह भी मौजूद थे। रामलीला की भव्यता की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि रामलीला भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं को युवा पीढ़ी तक पहुँचाने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने जोर दिया कि रावण दहन और विजयदशमी का पर्व हमें यह याद दिलाता है कि अंततः सत्य और धर्म की ही जीत होती है।