दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता ने शिक्षा और तकनीकी ट्रेनिंग प्रोजेक्ट्स का किया आगाज़

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार, 12 अक्टूबर 2026 को शहर में शिक्षा और तकनीकी प्रशिक्षण के क्षेत्र में एक बड़ी पहल की। 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत उन्होंने कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन किया और कुछ नए निर्माण कार्यों की आधारशिला रखी। यह पूरा अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और उनके सार्वजनिक सेवा के 25 वर्षों के सम्मान में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलाया जा रहा है। इस मौके पर शिक्षा मंत्री आशीष सूद और विधायक संदीप सहरावत भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस दौरान शिक्षा की अहमियत पर जोर देते हुए कहा कि शिक्षा ही वह बुनियाद है जिससे छात्र आत्मनिर्भर बनते हैं और देश के निर्माण में अपना योगदान देते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि दिल्ली सरकार 'विकसित भारत' और 'विकसित दिल्ली' के विजन को साकार करने के लिए युवाओं को आधुनिक लर्निंग एनवायरमेंट, एडवांस टेक्नोलॉजी और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
द्वारका में नया स्कूल और NSUT में छात्राओं के लिए हॉस्टल
इस अभियान के तहत द्वारका में एक नए सह-शिक्षा सीनियर सेकेंडरी स्कूल का उद्घाटन किया गया। यह स्कूल कक्षा 6 से 12 तक के करीब 2,000 छात्रों के लिए होगा, जहाँ साइंस, कॉमर्स और आर्ट्स तीनों स्ट्रीम की पढ़ाई होगी। इस कैंपस में 75 कमरे, स्मार्ट क्लासरूम, ICT लैब, आधुनिक लाइब्रेरी और विशेष प्रयोगशालाएं तैयार की गई हैं।
छात्राओं की सुविधा के लिए नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी (NSUT) के ईस्ट कैंपस में 120 बेड वाले महिला हॉस्टल की शुरुआत की गई है, ताकि दूर-दराज से आने वाली लड़कियों को रहने में आसानी हो। इसके साथ ही तीन आईटीआई (ITI) में हाई-टेक 'सेंटर्स ऑफ एक्सीलेंस' भी लॉन्च किए गए हैं।
भविष्य की योजनाओं को आगे बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री ने ओखला में जी.बी. पंत इंटीग्रेटेड कॉलेज एंड पॉलिटेक्निक की आधारशिला रखी। साथ ही NSUT में एक एडवांस मैन्युफैक्चरिंग लैब और फैकल्टी ऑफिस बिल्डिंग के निर्माण का काम भी शुरू कराया गया है।