सीएम रेखा गुप्ता ने किया ब्लाइंड रिलीफ एसोसिएशन के दिवाली बाजार का उद्घाटन
दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता ने ब्लाइंड रिलीफ एसोसिएशन के दिवाली बाजार का उद्घाटन कर दृष्टिबाधित कलाकारों के हुनर को सराहा।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को राजधानी में ब्लाइंड रिलीफ एसोसिएशन द्वारा आयोजित लोकप्रिय दिल्ली दिवाली बाजार 2026 का उद्घाटन किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने न केवल बाजार का शुभारंभ किया, बल्कि वहां मौजूद विभिन्न स्टॉल्स का दौरा कर दृष्टिबाधित व्यक्तियों द्वारा तैयार किए गए हस्तनिर्मित उत्पादों की जमकर सराहना की और खरीदारी भी की।
बाजार में मौजूद कलाकारों का उत्साह बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी व्यक्ति की शारीरिक चुनौतियां उसके हुनर, क्षमता या सपनों के बीच नहीं आनी चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि दृष्टिबाधित नागरिकों में भी अपार कौशल और रचनात्मकता होती है, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकते हैं। बस जरूरत इस बात की है कि समाज उनके इस टैलेंट को पहचाने और उनके उत्पादों को खरीदकर उनके आर्थिक सशक्तिकरण में मदद करे।
सरकारी दफ्तरों में भी इस्तेमाल होंगे ये उत्पाद
मुख्यमंत्री ने एक बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि इस साल 'मुख्यमंत्री जनसेवा सदन' के लिए जरूरी सजावटी और उपयोगिता की वस्तुएं इसी दिवाली बाजार से खरीदी जाएंगी। उन्होंने कहा कि इन उत्पादों को खरीदना सिर्फ शॉपिंग नहीं है, बल्कि इन प्रतिभाशाली व्यक्तियों के आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता को मजबूत करने का एक तरीका है।
दौरे के दौरान सीएम रेखा गुप्ता 'कैफे मस्त' भी गईं, जिसे संस्था के मल्टी-स्किल ट्रेनिंग प्रोग्राम से जुड़े दृष्टिबाधित युवाओं द्वारा चलाया जा रहा है। वहां भोजन करते हुए उन्होंने युवाओं के आत्मविश्वास और कुशलता की तारीफ की, जो खाना बनाने से लेकर कस्टमर सर्विस और ट्रांजेक्शन तक की सारी जिम्मेदारियां खुद संभाल रहे हैं।
बता दें कि ब्लाइंड रिलीफ एसोसिएशन द्वारा आयोजित यह दिवाली बाजार पिछले 45 सालों से दिल्ली की परंपरा का हिस्सा रहा है। इस साल यह सात दिवसीय बाजार 30 अक्टूबर से 5 नवंबर तक चलेगा, जिसमें 250 से अधिक स्टॉल्स लगाए गए हैं। मुख्यमंत्री ने दिल्लीवासियों से अपील की है कि वे इस बाजार में आएं और इन कलाकारों का समर्थन करें।