दिल्ली: बीयर गिरने पर विवाद, नाइट क्लब के बाउंसरों ने युवक को पीट-पीटकर मार डाला

देश की राजधानी दिल्ली में एक बार फिर नाइट क्लब की हिंसा ने सबको झकझोर कर रख दिया है। बीयर गिरने जैसी मामूली बात पर एक 29 साल के युवक की जान चली गई। यह खौफनाक वारदात शनिवार रात को सराय रोहिल्ला थाना क्षेत्र के एक नाइट क्लब में हुई, जहां बाउंसरों और वेटरों ने बेरहमी की सारी हदें पार कर दीं।
जानकारी के मुताबिक, रघुवीर नगर निवासी दलजीत अपने दोस्तों के साथ क्लब गया था। वहां मौजूद एक महिला पर दलजीत के दोस्त से गलती से बीयर गिर गई। दलजीत और उसके साथियों ने अपनी गलती मानी और माफी भी मांगी, लेकिन मामला सुलझने के बजाय और बिगड़ गया। आरोप है कि क्लब के बाउंसरों और स्टाफ ने अचानक हमला कर दिया और लकड़ी की डंडियों व कांच की बोतलों से दलजीत और उसके दोस्तों को बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया।
जब दलजीत और उसके दोस्त जान बचाकर बाहर निकलने की कोशिश करने लगे, तो उन्हें जबरन खींचकर वापस अंदर ले जाया गया और मारपीट जारी रखी गई। इस हमले में दलजीत गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके दोस्त उसे आनन-फानन में रघुवीर नगर स्थित उसके घर ले गए, लेकिन घर के दरवाजे पर पहुंचते ही वह बेहोश होकर गिर पड़ा। आनन-फानन में उसे गुरु गोबिंद सिंह अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिवार में मचा कोहराम, पुलिस की कार्रवाई जारी
इस हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया है। दलजीत अपने पीछे पत्नी, आठ साल का एक बेटा और अपने पिता को छोड़ गया है। पुलिस ने इस मामले में हत्या की धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने सबूत जुटाने के लिए नाइट क्लब का DVR जब्त कर लिया है ताकि सीसीटीवी फुटेज के जरिए हमलावरों की पहचान की जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में कुछ आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है और बाकी फरार संदिग्धों की तलाश के लिए छापेमारी जारी है।