दिल्ली: नंगली विहार में खुला मैनहोल बना काल, सीवर में गिरा 4 साल का मासूम
दिल्ली के नंगली विहार में खुला मैनहोल होने की वजह से 4 साल का मासूम सीवर में गिरा। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है, पुलिस ने केस दर्ज किया।

राजधानी दिल्ली के बाहरी इलाके से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। नंगली विहार के दास गार्डन कॉलोनी इलाके में मंगलवार दोपहर एक 4 साल का मासूम बच्चा खेलते समय खुले सीवर के मैनहोल में गिर गया। इस हादसे के बाद से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है और बच्चे की तलाश के लिए युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
मिली जानकारी के मुताबिक, यह दर्दनाक हादसा 10 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 3:21 बजे हुआ। इमरान नाम का यह मासूम बच्चा एक पार्क के पास खेल रहा था, तभी अचानक वह खुले मैनहोल में जा गिरा। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया और मौके पर बचाव दल को बुलाया गया।
20 घंटे से जारी है रेस्क्यू ऑपरेशन, मिली मानव अवशेष
डीसीपी (बाहरी) विक्रम सिंह ने बताया कि बच्चे को ढूंढने के लिए पिछले 20 घंटों से दिल्ली फायर सर्विस (DFS), नेशनल डिजास्टर रिस्पांस फोर्स (NDRF) और स्थानीय प्रशासन की टीमें लगातार जुटी हुई हैं। हालांकि, इस खोज अभियान के बीच एक बेहद दुखद मोड़ आया है। सर्च टीम को उस जगह पर मानव शरीर के कुछ अंग मिले हैं, जहां नाले का पानी आगे निकलता है।
अब प्रशासन इस बात की पुष्टि करने के लिए फॉरेंसिक जांच कर रहा है कि क्या ये अवशेष उसी लापता बच्चे के हैं। इस पूरे मामले में दिल्ली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस बात की गहन जांच कर रही है कि सीवर लाइन खुली क्यों थी और इस बड़ी लापरवाही के लिए कौन जिम्मेदार है, ताकि दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जा सके।