टिंडर डेट पर ₹26 हजार का बिल! दिल्ली पुलिस ने कैफे मालिक समेत दो को दबोचा
दिल्ली के एक कैफे में टिंडर डेट के बहाने युवक से ₹26,000 की वसूली की गई। पुलिस ने कैफे मालिक और स्टाफ को गिरफ्तार किया है।

दिल्ली के नॉर्थ कैंपस इलाके में डेटिंग ऐप के जरिए लोगों को जाल में फंसाकर उनसे मोटी रकम वसूलने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। दिल्ली पुलिस ने मुखर्जी नगर के हडसन लेन स्थित 'ब्लैक पैंथर कैफे' में हुई जबरन वसूली के मामले में कैफे मालिक और उसके एक कर्मचारी को गिरफ्तार किया है। यह पूरी साजिश एक महिला के साथ मिलकर रची गई थी, जिसने युवक को डेट के बहाने कैफे बुलाया था।
घटना 1 नवंबर 2026 की है, जब एक युवक की मुलाकात टिंडर ऐप पर 'सान्या' या 'निकीता' नाम की एक महिला से हुई। महिला ने उसे मिलने के लिए हडसन लेन के इसी कैफे में बुलाया। जब युवक वहां पहुंचा, तो उसने महिला के साथ खाना, ड्रिंक्स और व्हिस्की ऑर्डर की। लेकिन जैसे ही बिल देने की बारी आई, युवक के होश उड़ गए। उसे करीब 26,000 रुपये का एक हाथ से लिखा हुआ भारी-भरकम बिल थमा दिया गया।
धमकाकर वसूली और पुलिस की कार्रवाई
जब पीड़ित ने बिल की इतनी ज्यादा रकम पर सवाल उठाए, तो कैफे का माहौल अचानक बदल गया। कैफे मालिक और वहां का स्टाफ युवक को धमकाने लगा और उसे जबरन वहां रोक लिया। आरोपियों ने उसे तब तक नहीं जाने दिया जब तक कि उसने पूरी रकम का भुगतान नहीं कर दिया। डरा हुआ युवक पैसे देने को मजबूर हो गया, जिसके बाद उसने पुलिस से संपर्क किया।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और कैफे मालिक 38 वर्षीय जावेद और उसके स्टाफ सदस्य 24 वर्षीय अनुज कुमार को गिरफ्तार कर लिया। ये दोनों आरोपी उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के रहने वाले हैं। मुखर्जी नगर पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(2) और 3(5) के तहत जबरन वसूली और सामान्य इरादे का मामला दर्ज किया गया है।
डीसीपी आकांक्षा यादव ने बताया कि इस गिरोह में शामिल महिला फिलहाल फरार है और उसका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस वसूली रैकेट में और कितने लोग शामिल हैं और अब तक कितने लोग इसका शिकार बन चुके हैं।