दिल्ली के 154 एंट्री पॉइंट्स पर लगेगा फ्री फ्लो टोल सिस्टम, अब बिना रुके कटेगा टैक्स
दिल्ली के 154 एंट्री पॉइंट्स पर अब बिना रुके कटेगा टोल। MCD लागू कर रहा है MLFF सिस्टम, जिससे ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत।

दिल्ली में सफर करने वालों के लिए एक बड़ी राहत की खबर है। अब राजधानी के 154 एंट्री पॉइंट्स पर आपको टोल टैक्स देने के लिए लंबी लाइनों में नहीं लगना पड़ेगा। दिल्ली नगर निगम (MCD) शहर में 'मल्टी-लेन फ्री फ्लो' (MLFF) टोल सिस्टम लागू करने की तैयारी में है। इस नई तकनीक की मदद से गाड़ियां बिना रुके 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से टोल पॉइंट्स से गुजर सकेंगी, जिससे ट्रैफिक जाम की समस्या खत्म होगी और प्रदूषण में भी कमी आएगी।
इस पूरे प्रोजेक्ट को लागू करने की जिम्मेदारी 'सहकार ग्लोबल' नामक कंपनी को सौंपी गई है, जिसमें करीब 200 करोड़ रुपये का निवेश किया जा रहा है। यह सिस्टम RFID और ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (ANPR) कैमरों के जरिए काम करेगा। केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने बताया कि यह सिस्टम दिल्ली के अर्बन एक्सटेंशन रोड-II (UER-II) पर पहले से ही चालू है। अगर किसी वाहन के FASTag में बैलेंस कम होता है, तो पेमेंट पूरा करने के लिए उन्हें 24 घंटे का समय दिया जाएगा।
टोल चोरी पर लगेगा भारी जुर्माना
MCD ने इस सिस्टम को लेकर कड़े नियम भी बनाए हैं। 'दिल्ली नगर निगम (टोल टैक्स) संशोधन उप-नियम, 2026' के तहत टोल चोरी करने वालों पर अब पांच गुना तक जुर्माना लगाया जा सकता है। साथ ही, नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों को जब्त करने का प्रावधान भी किया गया है। इन ड्राफ्ट नियमों पर जनता की राय मांगी गई है, जिसके लिए 30 नवंबर 2026 तक का समय दिया गया है।
गौरतलब है कि यह कदम सुप्रीम कोर्ट के उन निर्देशों के अनुरूप है जिनमें पर्यावरण मुआवजा शुल्क (ECC) फंड के प्रभावी उपयोग और शहरी ट्रैफिक मैनेजमेंट को बेहतर बनाने की बात कही गई थी। वहीं, राष्ट्रीय स्तर पर NHAI ने भी इस तकनीक को बढ़ावा दिया है। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का लक्ष्य है कि दिसंबर के अंत तक राष्ट्रीय राजमार्गों के 70% से अधिक टोल प्लाजा पर यह फ्री फ्लो सिस्टम लागू हो जाए।