दिल्ली विधानसभा: स्पीकर विजेंद्र गुप्ता ने अधिकारियों को दिलाई ईमानदारी की शपथ
दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत अधिकारियों को ईमानदारी की शपथ दिलाई।

दिल्ली विधानसभा में शुक्रवार को भ्रष्टाचार के खिलाफ एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। सतर्कता जागरूकता सप्ताह (Vigilance Awareness Week 2026) के अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को ईमानदारी की शपथ दिलाई। यह आयोजन देशव्यापी अभियान का हिस्सा है, जो 26 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक चलाया जा रहा है।
इस मौके पर स्पीकर विजेंद्र गुप्ता ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए एक बहुत जरूरी बात कही। उन्होंने जोर देकर कहा कि सार्वजनिक सेवा में ईमानदारी केवल बाहरी निगरानी या डर की वजह से नहीं, बल्कि यह व्यक्ति के अपने आंतरिक विश्वास और सिद्धांतों से आनी चाहिए। उन्होंने सभी स्टाफ सदस्यों से अपील की कि वे अपने दैनिक कार्यों में नैतिकता, पारदर्शिता और जवाबदेही को सबसे ऊपर रखें।
'सत्यनिष्ठा से समृद्धि' पर रहा जोर
केंद्रीय सतर्कता आयोग (CVC) के दिशा-निर्देशों के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रशासन में शुचिता और ईमानदारी की संस्कृति को बढ़ावा देना है। इस वर्ष के सतर्कता जागरूकता सप्ताह की थीम 'सत्यनिष्ठा से समृद्धि' (Probity for Prosperity) रखी गई है, जो यह बताती है कि प्रभावी शासन के लिए नैतिक आचरण कितना आवश्यक है।
शपथ ग्रहण समारोह के दौरान अधिकारियों ने संकल्प लिया कि वे कानून के शासन का पालन करेंगे, रिश्वतखोरी से दूर रहेंगे, पूरी ईमानदारी से अपनी जिम्मेदारियों को निभाएंगे और भ्रष्टाचार के किसी भी मामले की सूचना तुरंत देंगे। इस पूरे सप्ताह के दौरान प्रशासनिक सुधारों के लिए तकनीक के इस्तेमाल पर वर्कशॉप भी आयोजित की जा रही हैं, ताकि सरकारी कामकाज में अधिक पारदर्शिता लाई जा सके।