दिल्ली एयरपोर्ट-वसंत विहार फ्लाईओवर खुला, हल्के वाहनों को मिली राहत
दिल्ली एयरपोर्ट और वसंत विहार को जोड़ने वाला राव तुला राम फ्लाईओवर हल्के वाहनों के लिए खुल गया है। भारी वाहनों के लिए अभी भी पाबंदी जारी है।

दिल्ली एयरपोर्ट और वसंत विहार के बीच सफर करने वाले हजारों यात्रियों के लिए एक बड़ी राहत की खबर है। छह दिनों तक बंद रहने के बाद राव तुला राम (RTR) फ्लाईओवर को मंगलवार, 27 अक्टूबर 2026 से हल्के वाहनों के लिए फिर से खोल दिया गया है। यह फ्लाईओवर शहर के सबसे व्यस्त रास्तों में से एक है, जहां से रोजाना करीब 2 लाख वाहन गुजरते हैं।
दरअसल, 20 अक्टूबर को दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने इस फ्लाईओवर के मुख्य हिस्से पर दो जगहों पर दरारें देखी थीं। कंक्रीट की हालत खराब थी और लोहे की छड़ें बाहर दिखने लगी थीं, जिसके चलते सुरक्षा कारणों से इसे तुरंत बंद करना पड़ा था। इसके बाद लोक निर्माण विभाग (PWD) ने युद्ध स्तर पर मरम्मत का काम शुरू किया, जो 23 अक्टूबर तक पूरा कर लिया गया।
सुरक्षा जांच के बाद खुला रास्ता
फ्लाईओवर को दोबारा खोलने से पहले सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। रविवार को कंक्रीट की मजबूती जांचने के लिए 'क्यूब कंप्रेसिव स्ट्रेंथ टेस्ट' किया गया और उसी रात लोड टेस्टिंग की गई। सोमवार को दिल्ली के PWD मंत्री परवेश वर्मा और उद्योग एवं पर्यावरण मंत्री मंजिंदर सिंह सिरसा ने खुद मौके पर पहुंचकर स्ट्रक्चर की जांच की और संतुष्टि जताई।
हालांकि, राहत पूरी तरह से नहीं मिली है। न्यू दिल्ली ट्रैफिक डीसीपी विकास कुमार ने साफ किया है कि कार और दोपहिया वाहनों को तो अनुमति दे दी गई है, लेकिन बस, ट्रक और भारी टेंपो जैसे भारी वाहनों का प्रवेश अभी एक हफ्ते तक प्रतिबंधित रहेगा। यह फैसला इसलिए लिया गया है ताकि नया कंक्रीट पूरी तरह सूखकर मजबूती पकड़ ले।
भारी वाहनों को रोकने के लिए PWD रैंप के प्रवेश द्वार पर हाइट बैरियर और नए साइन बोर्ड लगाएगा। बता दें कि 2009 में बने इस फ्लाईओवर की अब पूरी तरह से स्ट्रक्चरल ऑडिट की जा रही है, ताकि भविष्य में ऐसी समस्या न आए। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करें।