दिल्ली में फिर बढ़ा प्रदूषण का ग्राफ, AIIMS और चांदनी चौक की हवा हुई 'वेरी पुअर'
दिल्ली की हवा फिर हुई खराब, AIIMS और चांदनी चौक समेत कई इलाकों में AQI 'वेरी पुअर' श्रेणी में पहुंचा। पढ़ें पूरी रिपोर्ट।

राजधानी दिल्ली में एक बार फिर हवा की गुणवत्ता खराब होने लगी है। गुरुवार को केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली का ओवरऑल एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 286 दर्ज किया गया, जो 'खराब' (Poor) श्रेणी में आता है। हालांकि, शहर के कई इलाकों की स्थिति इससे कहीं ज्यादा चिंताजनक है, जहां हवा 'वेरी पुअर' श्रेणी में पहुंच गई है।
सबसे ज्यादा असर AIIMS और चांदनी चौक जैसे इलाकों में देखा गया। AIIMS में AQI 354 तक पहुंच गया, जबकि चांदनी चौक में यह 344 दर्ज किया गया। इसके अलावा बवाना में 322 और IIT दिल्ली में 313 का स्तर रहा। अन्य इलाकों की बात करें तो वजीरपुर में 299 और IGI एयरपोर्ट (T3) पर 282 AQI रिकॉर्ड किया गया। आनंद विहार, नरेला और RK पुरम में भी प्रदूषण का स्तर काफी ऊपर रहा, जबकि इंडिया गेट और कर्तव्य पथ के आसपास यह 232 दर्ज किया गया।
GRAP के नियमों में बदलाव और सरकार की तैयारी
हवा की गुणवत्ता में मामूली सुधार के चलते कमीशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट (CAQM) ने 17 नवंबर को GRAP के स्टेज-III प्रतिबंधों को हटा लिया था, जिसके बाद स्कूलों में फिजिकल क्लासेस दोबारा शुरू कर दी गई थीं। फिलहाल स्टेज-I और स्टेज-II के प्रतिबंध अभी भी लागू हैं।
प्रदूषण से निपटने के लिए दिल्ली सरकार एक्शन मोड में है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रदूषण नियंत्रण समिति (DPCC) के साथ एक हाई-लेवल मीटिंग की। उन्होंने स्पष्ट किया कि भले ही पिछले दशक के मुकाबले इस नवंबर में कुछ राहत मिली है, लेकिन प्रदूषण के खिलाफ सख्ती जारी रहेगी। मुख्यमंत्री ने PWD और MCD को निर्देश दिए हैं कि सड़कों और फुटपाथों की मैकेनिकल स्वीपिंग और वॉटर स्प्रिंकलिंग तेज की जाए।
साथ ही, निर्माण कार्यों वाली जगहों पर धूल नियंत्रण के लिए ग्रीन नेट और बैरिकेड्स लगाने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। प्रदूषण कम करने के लिए सरकार सार्वजनिक परिवहन को भी मजबूत कर रही है, जिसके तहत 2026 तक कुल 2,395 इलेक्ट्रिक बसें जोड़ने का लक्ष्य है, जिनमें से 1,703 बसें अक्टूबर तक बेड़े में शामिल हो चुकी हैं।