दिल्ली की हवा में मामूली सुधार, लेकिन AQI 236 रहने से अब भी 'खराब' श्रेणी में है राजधानी
दिल्ली की हवा में मामूली सुधार हुआ है, लेकिन AQI 236 रहने से शहर अब भी 'खराब' श्रेणी में है। चांदनी चौक की स्थिति सबसे ज्यादा चिंताजनक है।

राजधानी दिल्ली के लिए राहत की खबर तो है, लेकिन यह राहत इतनी पर्याप्त नहीं है कि लोग चैन की सांस ले सकें। रविवार सुबह 7 बजे केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 265 से गिरकर 236 पर आया है। हालांकि, इस मामूली गिरावट के बावजूद शहर की हवा अब भी 'खराब' (Poor) श्रेणी में बनी हुई है।
शहर के अलग-अलग इलाकों की बात करें तो चांदनी चौक की स्थिति सबसे ज्यादा चिंताजनक रही, जहां AQI 304 दर्ज किया गया, जो 'बहुत खराब' (Very Poor) श्रेणी में आता है। इसके अलावा पंजाबी बाग (298), बवाना (267), रोहिणी (260) और आनंद विहार (251) जैसे इलाकों में भी हवा की गुणवत्ता काफी खराब रही। हालांकि, कुछ क्षेत्रों में स्थिति बेहतर दिखी, जैसे मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में AQI 146 और अलीपुर में 178 दर्ज किया गया, जो 'मध्यम' श्रेणी में आते हैं।
प्रदूषण रोकने के लिए सरकार ने कसी कमर
बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने हाल ही में प्रदूषण नियंत्रण उपायों की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि हालांकि इस साल नवंबर में पिछले एक दशक के मुकाबले कुछ राहत मिली है, लेकिन प्रदूषण के सभी स्रोतों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। मुख्यमंत्री ने एमसीडी (MCD) और पीडब्ल्यूडी (PWD) को निर्देश दिए हैं कि सड़कों, फुटपाथों और डिवाइडरों की सफाई तेज की जाए ताकि धूल और सिल्ट को हटाया जा सके।
प्रशासन ने निर्माण कार्यों और मलबे के निस्तारण पर भी सख्ती दिखाई है। 1 से 17 नवंबर के बीच 8,874 साइटों का निरीक्षण किया गया, जिनमें से 554 जगहों पर उल्लंघन पाया गया। इसके परिणामस्वरूप 112 साइटों को बंद करने के निर्देश दिए गए और 2.65 करोड़ रुपये से अधिक का पर्यावरणीय जुर्माना लगाया गया।
सड़कों की सफाई के लिए मशीनीकृत झाड़ू लगाने वाली मशीनों की संख्या भी बढ़ाई जा रही है। वर्तमान में 108 मशीनें उपलब्ध हैं, जबकि एमसीडी 70 अतिरिक्त मशीनें तैनात कर रहा है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को केवल कागजी रिपोर्ट तक सीमित न रहकर जमीन पर सक्रिय रहने और नागरिकों से भी प्रदूषण कम करने में सहयोग की अपील की है।