दिल्ली की हवा फिर हुई खराब, AQI पहुंचा 270; कई इलाकों में प्रदूषण का स्तर 300 के पार
दिल्ली की हवा एक बार फिर खराब हुई है। AQI 270 दर्ज किया गया और कई इलाकों में प्रदूषण का स्तर 300 के पार पहुंच गया है।

राजधानी दिल्ली में एक बार फिर प्रदूषण ने दस्तक दे दी है। शुक्रवार सुबह शहर की हवा की गुणवत्ता 'खराब' श्रेणी में दर्ज की गई, जहां वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 270 तक पहुंच गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक, शहर में PM2.5 सबसे प्रमुख प्रदूषक बना हुआ है। हालात इस कदर हैं कि कई मॉनिटरिंग स्टेशनों पर AQI का स्तर 300 के पार चला गया है, जिससे आम लोगों के लिए सांस लेना मुश्किल हो रहा है।
अगर अलग-अलग इलाकों की बात करें, तो सिरी फोर्ट में सबसे ज्यादा 348 का AQI दर्ज किया गया। वहीं JNU में 338 और पूसा में 337 का स्तर देखा गया। चांदनी चौक और बुराड़ी क्रॉसिंग की स्थिति और भी चिंताजनक है, जहां AQI 331 दर्ज किया गया, जो 'बहुत खराब' श्रेणी में आता है। इसके अलावा आईटीओ (322), जहांगीरपुरी (311), पंजाबी बाग (309) और नॉर्थ कैंपस (308) में भी प्रदूषण का स्तर काफी ऊंचा रहा। वहीं आनंद विहार और आरके पुरम में AQI क्रमशः 267 और 259 रहा, जो 'खराब' श्रेणी के अंतर्गत आता है।
प्रदूषण रोकने के लिए सरकार के कड़े कदम
प्रदूषण की इस चुनौती से निपटने के लिए दिल्ली सरकार अलर्ट मोड पर है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (DPCC) के कमांड सेंटर में एक उच्च स्तरीय बैठक की। उन्होंने कहा कि पिछले दशक की तुलना में इस नवंबर में कुछ राहत जरूर मिली है, लेकिन प्रदूषण के किसी भी स्रोत को बख्शा नहीं जाएगा।
मुख्यमंत्री ने नगर निगम (MCD) और पीडब्ल्यूडी (PWD) को सख्त निर्देश दिए हैं कि सड़कों, फुटपाथों और डिवाइडरों की मशीनीकृत सफाई, पानी के छिड़काव और रोड वॉशिंग का काम तेज किया जाए। साथ ही, निर्माण और तोड़फोड़ वाली जगहों पर कड़ी निगरानी रखने को कहा गया है। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि निर्माण स्थलों पर ग्रीन नेट और बैरिकेड्स का सही इस्तेमाल सुनिश्चित करें, ताकि धूल उड़ने से रोका जा सके और इसे केवल एक औपचारिकता न माना जाए।
गौरतलब है कि हाल ही में 17 नवंबर को वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने हवा में सुधार का हवाला देते हुए GRAP के तीसरे चरण (Stage III) की पाबंदियों को हटा लिया था, जिसके बाद स्कूलों में फिजिकल क्लासेस फिर से शुरू कर दी गई थीं। हालांकि, अब फिर से बढ़ते प्रदूषण ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है।