दिल्ली में AQI 164: औसत हवा मध्यम लेकिन कई इलाकों में प्रदूषण का स्तर 'खराब'
दिल्ली में AQI 164 दर्ज किया गया है। हालांकि औसत मध्यम है, लेकिन जहांगीरपुरी और विवेक विहार जैसे इलाकों में प्रदूषण का स्तर 'खराब' श्रेणी में है।

राजधानी दिल्ली में सोमवार सुबह हवा की गुणवत्ता मिली-जुली रही। सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड (CPCB) और समीर ऐप के मुताबिक, सुबह 7 बजे दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 164 दर्ज किया गया, जिसे 'मध्यम' श्रेणी में रखा गया है। हालांकि, शहर के कई हिस्सों में हालात अब भी चिंताजनक हैं, जहां प्रदूषण का स्तर 'खराब' श्रेणी में पहुंच गया है।
अगर इलाकों की बात करें तो जहांगीरपुरी में सबसे ज्यादा 246 का AQI दर्ज किया गया। इसके अलावा विवेक विहार (235), CRRI मथुरा रोड (231), पंजाबी बाग (225) और आर के पुरम (223) जैसे इलाकों में हवा की गुणवत्ता काफी खराब रही। मुद्रिका, उत्तम नगर, जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम, सिरी फोर्ट, बवाना और आईआईटी दिल्ली में भी प्रदूषण का स्तर 200 के पार रहा। अधिकांश स्टेशनों पर PM2.5 मुख्य प्रदूषक पाया गया, जबकि मथुरा रोड पर PM10 का असर ज्यादा देखा गया।
प्रदूषण रोकने के लिए GRAP-1 लागू, यमुना में दिखा जहरीला झाग
बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए दिल्ली-NCR में 21 अक्टूबर से ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) का पहला चरण लागू है। इसके तहत रेस्टोरेंट के तंदूरों में कोयले और लकड़ी के इस्तेमाल पर पाबंदी लगाई गई है और गैर-जरूरी डीजल जनरेटर के संचालन पर भी रोक है।
हवा के साथ-साथ पानी का प्रदूषण भी गंभीर रूप ले रहा है। कालिंदी कुंज के पास यमुना नदी में एक बार फिर जहरीला सफेद झाग देखा गया है, जो नदी के बढ़ते प्रदूषण की ओर इशारा करता है।
मौसम की बात करें तो भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, सोमवार को दिल्ली में महीने का सबसे कम न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आने वाले समय में हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है, जिससे अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है।