70वें नेशनल स्कूल गेम्स का दिल्ली में आगाज़, मंत्री आशीष सूद ने किया उद्घाटन
दिल्ली के खेल मंत्री आशीष सूद ने त्यागराज स्टेडियम में 70वें नेशनल स्कूल गेम्स का उद्घाटन किया। इसमें देशभर के 14,000 खिलाड़ी लेंगे हिस्सा।

देशभर के युवा खिलाड़ियों के लिए दिल्ली एक बार फिर खेल का बड़ा केंद्र बनने जा रही है। दिल्ली के शिक्षा और खेल मंत्री आशीष सूद ने शुक्रवार को त्यागराज स्टेडियम में 70वें नेशनल स्कूल गेम्स (2026-27) का औपचारिक उद्घाटन किया। इस भव्य आयोजन में देश के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से आए दिग्गज खिलाड़ी, वरिष्ठ अधिकारी और खेल प्रतिनिधि मौजूद रहे।
स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI) के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता की मेजबानी दिल्ली सरकार का शिक्षा निदेशालय (खेल शाखा) कर रहा है। इस महाकुंभ में देशभर से 14,000 से ज्यादा खिलाड़ी और अधिकारी हिस्सा ले रहे हैं, जो अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाएंगे।
तीन चरणों में होंगे 14 खेलों के मुकाबले
दिल्ली सरकार इस आयोजन को तीन अलग-अलग चरणों में पूरा करेगी, जिसमें कुल 14 खेल विधाएं शामिल होंगी। कार्यक्रम का विवरण इस प्रकार है:
- पहला चरण: 22 अक्टूबर से 28 अक्टूबर 2026 तक।
- दूसरा चरण: 30 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक।
- तीसरा चरण: 28 जनवरी से 3 फरवरी 2027 तक।
खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए मंत्री आशीष सूद ने कहा कि नेशनल स्कूल गेम्स महज एक प्रतियोगिता नहीं है, बल्कि यह देश के खेल पारिस्थितिकी तंत्र (Sports Ecosystem) को मजबूत करने का एक जरिया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि अब वह दौर चला गया जब कहा जाता था कि खेल से भविष्य खराब होता है। आज 'खेलो इंडिया' और 'फिट इंडिया' जैसे अभियानों ने खेल को करियर का एक शानदार विकल्प बना दिया है।
मंत्री ने बताया कि दिल्ली सरकार खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए पुरस्कार राशि में भी बड़ी बढ़ोतरी की है। नई खेल नीति के तहत, ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीतने वाले खिलाड़ी को 7 करोड़ रुपये, सिल्वर के लिए 5 करोड़ और ब्रोंज मेडल विजेता को 3 करोड़ रुपये देने का प्रावधान किया गया है।
खिलाड़ियों की सुविधा के लिए स्टेडियमों में आधुनिक उपकरण, मेडिकल सहायता और बेहतर ट्रैक की व्यवस्था की गई है। साथ ही, बाहर से आने वाली टीमों के रहने, खाने और आने-जाने के लिए भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं ताकि खिलाड़ी बिना किसी तनाव के अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सकें।