दिल्ली की सड़कों पर दौड़ेंगी 100 नई इलेक्ट्रिक बसें, सीएम रेखा गुप्ता ने किया उद्घाटन
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली में 100 नई इलेक्ट्रिक बसें शामिल कीं। 2028 तक शहर में 14,000 इलेक्ट्रिक बसों का लक्ष्य है।

दिल्ली की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को और अधिक मजबूत और प्रदूषण मुक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को राजधानी के बेड़े में 100 नई इलेक्ट्रिक बसों को शामिल किया। इन बसों के आने से न केवल यात्रियों का सफर आसान होगा, बल्कि शहर में बढ़ते प्रदूषण से लड़ने में भी मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले करीब पौने दो सालों से दिल्ली सरकार लगातार इलेक्ट्रिक बसों की संख्या बढ़ा रही है ताकि लोगों को सुरक्षित और बेहतर ट्रांसपोर्ट सुविधा मिल सके।
2028 तक 14,000 बसों का लक्ष्य
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को बढ़ावा देने के लिए सरकार की कोशिशों पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि दिल्ली सरकार ने 15,000 करोड़ रुपये की ईवी पॉलिसी लागू की है, जो देश की सबसे बड़ी ईवी पॉलिसी मानी जा रही है। इसके तहत लोगों को इलेक्ट्रिक वाहन अपनाने के लिए सब्सिडी और पुराने वाहनों को स्क्रैप करने के लिए प्रोत्साहन दिया जा रहा है।
वर्तमान में दिल्ली में कुल 7,088 बसें चल रही हैं, जिनमें से लगभग 5,400 इलेक्ट्रिक हैं। यह किसी भी भारतीय राज्य के मुकाबले सबसे बड़ा इलेक्ट्रिक बस बेड़ा है। मुख्यमंत्री ने एक बड़ा लक्ष्य साझा करते हुए कहा कि साल 2028 के अंत तक दिल्ली में 14,000 बसें चलाने का लक्ष्य है और खास बात यह होगी कि ये सभी बसें इलेक्ट्रिक होंगी।
प्रदूषण नियंत्रण पर बात करते हुए रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली के बॉर्डर पर BS-VI मानकों से नीचे के वाहनों के प्रवेश पर सख्ती बरती जा रही है। साथ ही, सरकारी बेड़े के पुराने वाहनों को बदलकर इलेक्ट्रिक वाहनों में बदला जा रहा है, जिसमें सड़कों की सफाई करने वाली मशीनों को भी शामिल किया गया है।
कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए एक और बड़ी घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री ने हापुड़ से दिल्ली के बीच नई इंटरस्टेट इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू करने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि NCR के शहरों से दिल्ली आने-जाने वालों के लिए यह काफी सुविधाजनक होगा। इसके अलावा, जल्द ही दिल्ली से बिहार के लिए भी बस सेवाएं शुरू करने की योजना है।