DDA और दिल्ली सरकार ने लॉन्च किया यूनिवर्सिटी स्पोर्ट्स कप 2026, 10 यूनिवर्सिटीज दिखाएँगी दम
डीडीए और दिल्ली सरकार ने यूनिवर्सिटी स्पोर्ट्स कप 2026 की शुरुआत की। 10 यूनिवर्सिटीज के छात्र खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे।

दिल्ली के युवाओं में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और उन्हें फिट रखने के उद्देश्य से डीडीए यूनिवर्सिटी स्पोर्ट्स कप 2026 का शानदार आगाज हो गया है। दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) और दिल्ली सरकार की इस संयुक्त पहल के तहत राजधानी की 10 प्रमुख यूनिवर्सिटीज के छात्र मैदान पर अपना दमखम दिखाएंगे। इस टूर्नामेंट का मुख्य उद्देश्य 'फिट इंडिया मूवमेंट' को आगे बढ़ाना और छात्रों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना पैदा करना है।
इस खेल महोत्सव का उद्घाटन मंगलवार, 27 अक्टूबर 2026 को डीडीए रोशनारा क्लब में केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने किया। इस खास मौके पर दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू और शिक्षा मंत्री आशीष सूद भी मौजूद रहे। उद्घाटन समारोह के दौरान डॉ. मांडविया ने अनुशासन और फिटनेस के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि भारत का लक्ष्य 2030 के कॉमनवेल्थ गेम्स और 2036 के ओलंपिक की मेजबानी करना है, जिसके लिए जमीनी स्तर पर ऐसे आयोजनों की जरूरत है।
इन खेलों में होगा मुकाबला और ये यूनिवर्सिटीज लेंगी हिस्सा
यह टूर्नामेंट 28 अक्टूबर से 2 नवंबर 2026 तक दिल्ली टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी (DTU) के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित किया जा रहा है। प्रतियोगिता में पुरुष और महिला दोनों श्रेणियों में हॉकी, फुटबॉल, कबड्डी, बास्केटबॉल और क्रिकेट जैसे खेलों का मुकाबला होगा। उद्घाटन के तुरंत बाद बुधवार को महिलाओं के क्रिकेट का एक प्रदर्शनी मैच भी खेला गया।
इस कप में हिस्सा लेने वाली 10 यूनिवर्सिटीज की सूची इस प्रकार है:
- दिल्ली टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी (DTU)
- नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी (NSUT)
- IIIT-दिल्ली
- इंदिरा गांधी दिल्ली टेक्निकल यूनिवर्सिटी फॉर विमेन (IGDTUW)
- दिल्ली स्किल एंड एंटरप्रेन्योरशिप यूनिवर्सिटी (DSEU)
- गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ यूनिवर्सिटी (GGSIPU)
- डॉ. बी.आर. अंबेडकर यूनिवर्सिटी दिल्ली (AUD)
- दिल्ली टीचर्स यूनिवर्सिटी
- दिल्ली स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी
उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने बताया कि यह पहल छात्रों में टीम भावना और लचीलापन विकसित करेगी। वहीं, शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने कहा कि इस आयोजन के जरिए छात्रों को डीडीए के बेहतरीन स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर का लाभ मिल सकेगा, जिससे उनकी खेल प्रतिभा को निखारने में मदद मिलेगी।