DDA नरेला के सभी 4,164 LIG फ्लैट्स बुक, दूसरे फेज के घर 1 घंटे में बिके
दिल्ली विकास प्राधिकरण की आवास निवेश योजना में नरेला के सभी 4,164 LIG फ्लैट्स बिक गए हैं। भारी मांग के कारण दूसरे फेज के घर एक घंटे में ही बुक हो गए।

दिल्ली में किफायती घर तलाश रहे लोगों के लिए दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) की आवास निवेश योजना 2026 किसी जैकपॉट से कम साबित नहीं हुई। नरेला इलाके में किफायती आवास की इतनी जबरदस्त मांग रही कि दूसरे फेज के लिए उपलब्ध सभी 1,648 LIG फ्लैट्स ऑनलाइन बुकिंग शुरू होने के महज एक घंटे के भीतर ही बुक हो गए।
गुरुवार दोपहर 12 बजे जैसे ही नरेला के पॉकेट 1, सेक्टर G2-G6 के फ्लैट्स की बुकिंग विंडो खुली, आवेदकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। नतीजा यह रहा कि देखते ही देखते सारे घर बिक गए। इससे पहले 20 अक्टूबर को योजना के पहले फेज में भी ऐसा ही नजारा दिखा था, जहां पॉकेट 3 और 6 के 2,516 फ्लैट्स महज दो घंटे में बुक कर लिए गए थे। अब इस तरह दोनों चरणों को मिलाकर कुल 4,164 फ्लैट्स पूरी तरह बिक चुके हैं।
नरेला बन रहा है दिल्ली का नया रेजिडेंशियल हब
DDA के मुताबिक, इस योजना को लेकर मिली शानदार प्रतिक्रिया यह दिखाती है कि राजधानी में बजट फ्रेंडली घरों की कितनी ज्यादा जरूरत है। इस पूरी प्रक्रिया पर दिल्ली के उपराज्यपाल सरदार तरणजीत सिंह संधू करीब से नजर रखे हुए थे।
नरेला अब धीरे-धीरे दिल्ली के एक महत्वपूर्ण आवासीय और संस्थागत केंद्र के रूप में उभर रहा है। यहाँ शिक्षा और खेल सुविधाओं के साथ-साथ बुनियादी ढांचे (इंफ्रास्ट्रक्चर) के विकास पर तेजी से काम किया जा रहा है। DDA का कहना है कि वह न केवल गुणवत्तापूर्ण आवास उपलब्ध कराने पर ध्यान दे रहा है, बल्कि नागरिक सुविधाओं को भी बेहतर बना रहा है ताकि भविष्य में यह क्षेत्र दिल्ली की ग्रोथ में बड़ी भूमिका निभा सके।