संजय वन में सैर और इतिहास का संगम, DDA और INTACH कराएंगे हेरिटेज वॉक
दिल्ली विकास प्राधिकरण और INTACH 14 नवंबर को संजय वन में गाइडेड हेरिटेज वॉक आयोजित करेंगे। रजिस्ट्रेशन और विवरण यहाँ देखें।

अगर आप दिल्ली की भागदौड़ भरी जिंदगी से दूर प्रकृति और इतिहास के करीब जाना चाहते हैं, तो आपके लिए एक शानदार मौका है। दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) और इंडियन नेशनल ट्रस्ट फॉर आर्ट एंड कल्चरल हेरिटेज (INTACH) मिलकर 14 नवंबर, 2026 को संजय वन हेरिटेज वॉक का आयोजन करने जा रहे हैं। इस पहल का मकसद शहर के लोगों को दिल्ली की प्राकृतिक सुंदरता और ऐतिहासिक विरासतों से गहराई से जोड़ना है।
यह आयोजन उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधू के निर्देशों के बाद शुरू किया गया है। उन्होंने DDA को ऐसे टूर आयोजित करने की जिम्मेदारी सौंपी थी जिससे नागरिक राजधानी की विरासत को करीब से जान सकें। इस पूरी सीरीज में कुल 12 गाइडेड टूर प्लान किए गए हैं, जो अगले छह महीनों तक दिल्ली की छह अलग-अलग जगहों पर आयोजित होंगे। बता दें कि इस सीरीज की शुरुआत 24 अक्टूबर, 2026 को महरौली आर्कियोलॉजिकल पार्क से हो चुकी है।
रजिस्ट्रेशन और फीस की पूरी जानकारी
इस खास वॉक को यादगार और क्वालिटी वाला बनाने के लिए आयोजकों ने प्रतिभागियों की संख्या सीमित रखी है। एक वॉक में केवल 40 लोग ही हिस्सा ले सकेंगे, ताकि गाइड और पर्यटकों के बीच बेहतर संवाद हो सके। इस आयोजन में DDA प्रशासनिक व्यवस्था और साइट एक्सेस का जिम्मा संभाल रहा है, जबकि INTACH दिल्ली चैप्टर रूट तय करने और एक्सपर्ट गाइड मुहैया कराने का काम कर रहा है।
जो लोग इस हेरिटेज वॉक का हिस्सा बनना चाहते हैं, उन्हें DDA के आधिकारिक पोर्टल के जरिए अपना रजिस्ट्रेशन कराना होगा। इस वॉक के लिए प्रति व्यक्ति 500 रुपये (प्लस जीएसटी) की भागीदारी शुल्क तय की गई है।