बड़ी कार्रवाई: DDA ने दिल्ली में हटाए 1,100 से ज्यादा अवैध कब्जे, 2,700 एकड़ जमीन कराई मुक्त

केन्द्रीय आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय ने संसद में दी जानकारी के अनुसार, दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने साल 2023 से 2025 के बीच पूरी दिल्ली में कुल 1,116 डिमोलिशन ड्राइव चलाई हैं। इस कार्रवाई के दौरान लगभग 2,719 एकड़ अवैध रूप से कब्जाई गई जमीन को वापस खाली कराया गया है। Union Housing and Urban Affairs Ministry के मुताबिक, जुलाई 2025 तक के तीन सालों में राजधानी में DDA द्वारा कुल 5,185 मकानों को तोड़ा गया है। यह जानकारी आवास और शहरी मामलों के राज्य मंत्री तोखन साहू ने राज्यसभा में एक लिखित बयान के जरिए दी है।
पुनर्वास और खर्च की जानकारी
इन डिमोलिशन ड्राइव के साथ-साथ कुल 3,043 परिवारों, जिनकी अनुमानित आबादी 17,015 लोग है, को वैकल्पिक पुनर्वास दिया गया है। इसमें भूमिहीन कैंप के 1,800 परिवार शामिल हैं जिन्हें कालकाजी एक्सटेंशन में इकोनॉमीली वीकर सेक्शन (EWS) फ्लैट्स दिए गए हैं। इसके अलावा जेलोरवाला बाग, माता जय कौर और गोल्डन पार्क जैसे इलाकों के 1,360 परिवारों को अशोक विहार स्थित स्वाभिमान अपार्टमेंट में शिफ्ट किया गया है। दिल्ली स्लम एंड झुग्गी झोपड़ी पुनर्वास और relocation नीति 2015 के तहत स्लम में रहने वाले लोगों के पुनर्वास के लिए आवास बनाने में DDA ने जमीन की लागत को छोड़कर ₹766 करोड़ का निवेश किया है। डिमोलिशन की ये कार्रवाई दिल्ली विकास प्राधिकरण (Removal of Objectionable Developments) नियम 1975 के तहत की जाती है, जिसके अनुसार कार्रवाई से पहले उचित नोटिस दिए जाते हैं।
नया SOP और अन्य निर्देश
DDA ने अपनी फ्लाइंग स्क्वॉड टीमों और क्विक रिस्पांस टीमों के लिए 13 जुलाई 2026 को एक नया स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) फाइनल किया है। इस नए SOP के तहत वैध कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद अनधिकृत निर्माण और अवैध कब्जों का पता चलने के 72 घंटे के भीतर डिमोलिशन करना अनिवार्य किया गया है। उप-राज्यपाल तरनजीत सिंह संधू की अध्यक्षता में हुई एडवाइजरी काउंसिल की बैठक में अवैध कब्जे के खिलाफ सख्त जीरो-टॉलरेंस अप्रोच को अपनाया गया। मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि G20 समिट के सौंदर्यीकरण के लिए कोई विशेष डिमोलिशन नहीं किया गया था, और सरकारी या DDA जमीन से अवैध कब्जे की पहचान करना तथा उन्हें हटाना एक नियमित गतिविधि है। DDA ने 11 जुलाई 2026 को एक पब्लिक नोटिस भी जारी किया था जिसमें चेतावनी दी गई थी कि उसकी जमीन पर अवैध कब्जा करने पर बिना किसी अतिरिक्त नोटिस के समरी रिमूवल की कार्रवाई की जाएगी।