DC School Cup: तन्मय चौधरी का तूफानी शतक, मॉडर्न स्कूल ने श्री राम ग्लोबल को रौंदा

दिल्ली कैपिटल्स (DC) स्कूल कप के शुरुआती मुकाबलों में युवा क्रिकेटरों ने मैदान पर जबरदस्त धमाका किया है। टूर्नामेंट के पहले हफ्ते में बल्लेबाजों और गेंदबाजों ने अपनी प्रतिभा का ऐसा प्रदर्शन किया कि खेल देखने वाले दंग रह गए। इस बीच मॉडर्न स्कूल बाराखंबा के कप्तान तन्मय चौधरी ने अपनी बल्लेबाजी से सबको हैरान कर दिया, जिन्होंने श्री राम ग्लोबल दिल्ली वेस्ट के खिलाफ अविश्वसनीय 180 रनों की पारी खेली।
मॉडर्न स्कूल बाराखंबा ने इस मैच में पूरी तरह दबदबा बनाए रखा और श्री राम ग्लोबल को 227 रनों के भारी अंतर से मात दी। तन्मय चौधरी ने महज 69 गेंदों में 180 रन बनाकर अपनी टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। वहीं, गेंदबाजी में विनायक चौधरी ने कहर बरपाते हुए 4 विकेट चटकाए। इससे पहले अपने पहले मैच में भी मॉडर्न स्कूल ने रयान इंटरनेशनल वसंत कुंज को 124 रनों से हराया था, जिसमें विनायक चौधरी ने 72 रनों की शानदार पारी खेली थी।
अन्य मुकाबलों में भी दिखा जबरदस्त रोमांच
टूर्नामेंट के अन्य मैचों की बात करें तो डीपीएस वसंत कुंज ने जीडी गोयंका वसंत विहार पर 99 रनों की बड़ी जीत दर्ज की। डीपीएस के अद्विक पी एस सोलंकी ने 61 गेंदों में 110 रन बनाए, जबकि अहान गर्ग ने 25 रन देकर 4 विकेट लिए। वहीं, हेरिटेज X गुरुग्राम ने भी शानदार शुरुआत की है। उन्होंने जीडी गोयंका हाई स्कूल सोहना को 7 विकेट से हराया और सेंट जेवियर्स हाई स्कूल के खिलाफ 63 रनों से जीत दर्ज की। हेरिटेज की ओर से विहान शर्मा ने 46 गेंदों में 71 रनों की पारी खेली।
कुलाची हंसराज अशोक विहार ने भी अपनी ताकत दिखाई और कैम्ब्रिज स्कूल श्रीनिवासपुरी को 147 रनों से हराया। कुलाची हंसराज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 243/6 का विशाल स्कोर खड़ा किया, जिसमें अनूप सिंह ने 46 गेंदों में 73 रन बनाए। जवाब में कैम्ब्रिज स्कूल की पूरी टीम महज 96 रनों पर सिमट गई।
दिल्ली कैपिटल्स की ओर से जारी प्रेस रिलीज के मुताबिक, इस साल टूर्नामेंट का दायरा काफी बढ़ा दिया गया है। पिछले साल की तुलना में इस बार 38 टीमें (32 लड़कों और 6 लड़कियों की टीमें) हिस्सा ले रही हैं। चार अलग-अलग मैदानों पर कुल 66 मैच खेले जाएंगे, जिसका फाइनल नवंबर की शुरुआत में होगा। खिलाड़ियों के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए अलग-अलग रंग की किट्स, लाइव कमेंट्री और संगीत का इंतजाम किया गया है।