स्वतंत्रता दिवस से पहले दादरी रेलवे स्टेशन पर पुलिस और RPF की कड़ी चेकिंग, यात्रियों से की गई खास अपील

स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर गौतमबुद्धनगर पुलिस ने रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। बुधवार को दादरी रेलवे स्टेशन पर पुलिस, आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान दादरी रेलवे स्टेशन पर फुट पेट्रोलिंग की गई और स्टेशन परिसर के विभिन्न हिस्सों की जांच की गई।
यह अभियान पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देश पर चलाया गया। डीसीपी और एडीसीपी ग्रेटर नोएडा के पर्यवेक्षण में एसीपी द्वितीय ग्रेटर नोएडा प्रशाली गंगवार और सहायक सुरक्षा आयुक्त गुलजार सिंह के नेतृत्व में यह जांच की गई। टीम ने दादरी स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया, मेन हॉल, प्लेटफॉर्म, बुकिंग एरिया और यार्ड क्षेत्र की जांच की।
जांच के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग की गई। सुरक्षा व्यवस्था में तैनात कर्मचारियों को सतर्कता बरतने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर लगातार सतर्क रहने और स्टेशन परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
यात्रियों से सतर्क रहने और 139 पर सूचना देने की अपील
पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल ने यात्रियों से अपील की कि स्टेशन या ट्रेन में कोई संदिग्ध वस्तु या सामान दिखाई देने पर उसे छुएं नहीं। यात्रियों से कहा गया कि ऐसी स्थिति में तत्काल आरपीएफ या जीआरपी को सूचना दें। यात्री किसी भी जानकारी के लिए रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर भी शिकायत कर सकते हैं।