सूट-साड़ी और रंगीन तोतों की होम डिलीवरी के नाम पर ठगी, नूंह पुलिस ने 3 को दबोचा
नूंह पुलिस ने ऑनलाइन ठगी के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो सूट-साड़ी और रंगीन तोतों की होम डिलीवरी के नाम पर लोगों को लूट रहे थे।

ऑनलाइन शॉपिंग और सोशल मीडिया के दौर में ठग नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। ऐसा ही एक मामला सामने आया है जहां सूट-साड़ी से लेकर रंगीन तोतों की होम डिलीवरी का झांसा देकर लोगों से पैसे ऐंठे जा रहे थे। नूंह जिला पुलिस ने साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग मामलों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी सोशल मीडिया पर फर्जी पहचान बनाकर लोगों को अपनी जाल में फंसाते थे।
फर्जी प्रोफाइल बनाकर फैलाया ठगी का जाल
पुलिस की जांच में खुलासा हुआ कि ये ठग अलग-अलग तरीकों से वारदातों को अंजाम दे रहे थे। पहले मामले में पुलिस ने साहिब नाम के आरोपी को पकड़ा, जो व्हाट्सएप पर 'मां दुर्गा टेक्सटाइल' के नाम से प्रोफाइल चला रहा था। वह ऑनलाइन सूट और साड़ी बेचने के नाम पर लोगों को ठगता था। जांच में पता चला कि उसने ओडिशा के राउरकेला के एक व्यक्ति से 3,600 रुपये की ठगी की थी।
दूसरे मामले में पुलिस ने इसताक नाम के व्यक्ति को गिरफ्तार किया, जो किराए के फ्लैट और कमरे दिलाने का वादा करता था। वह बुकिंग और विजिटिंग चार्ज के नाम पर अग्रिम भुगतान लेता था। आरोपी के मोबाइल में 'कुलदीप सिंह' और 'अनुराग गुप्ता' नाम से फर्जी अकाउंट मिले। इस मामले में दिल्ली के ईस्ट साइबर पुलिस स्टेशन में करीब 7,000 रुपये की ठगी की शिकायत दर्ज थी।
तीसरा मामला बेहद अजीब है, जहां तोकिर उर्फ भुम्मा नाम का आरोपी रंगीन तोतों की 'ऑल इंडिया होम डिलीवरी' का विज्ञापन देकर लोगों को ठग रहा था। वह फेसबुक और व्हाट्सएप पर 'राहुल शर्मा' बनकर लोगों को लुभाता था। पुलिस ने पाया कि उसने उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर के एक व्यक्ति से 3,260 रुपये की ठगी की थी।
पुलिस ने इन तीनों आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन, सिम कार्ड और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इन गिरोहों के तार और कहां-कहां जुड़े हैं और कितने लोग इनके शिकार हुए हैं।