दिल्ली-NCR में सजेगा फार्मा सेक्टर का मेला, CPHI और PMEC इंडिया 2026 के लिए दो वेन्यू तय
दिल्ली और ग्रेटर नोएडा में CPHI और PMEC इंडिया 2026 का आयोजन होगा, जिसमें 120 देशों के 50 हजार प्रोफेशनल्स हिस्सा लेंगे।

फार्मास्युटिकल इंडस्ट्री के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। साल 2026 में दिल्ली-NCR क्षेत्र CPHI इंडिया और PMEC इंडिया के भव्य आयोजनों की मेजबानी करने जा रहा है। इन्फॉर्मा मार्केट्स इंडिया द्वारा आयोजित ये इवेंट्स इस बार एक खास बदलाव के साथ आ रहे हैं। प्रदर्शनी के विशाल पैमाने को देखते हुए पहली बार 'डुअल-वेन्यू' फॉर्मेट अपनाया गया है, यानी यह आयोजन दो अलग-अलग जगहों पर होगा।
CPHI इंडिया का आयोजन 23 से 25 नवंबर, 2026 तक द्वारका स्थित इंडिया इंटरनेशनल कन्वेंशन एंड एक्सपो सेंटर (IICC), यशोभूमि में किया जाएगा। वहीं, PMEC इंडिया 24 से 26 नवंबर, 2026 तक ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट (IEML) में आयोजित होगा। खास बात यह है कि आने वाले विजिटर्स को दोनों प्रदर्शनियों के लिए अलग-अलग रजिस्ट्रेशन नहीं कराना होगा; एक ही बैज से दोनों जगहों पर एंट्री मिलेगी। साथ ही, ओवरलैपिंग तारीखों के दौरान दोनों वेन्यू के बीच मुफ्त शटल सेवा भी उपलब्ध रहेगी।
दुनिया भर के 120 देशों से जुड़ेंगे प्रोफेशनल्स
इस मेगा इवेंट में 120 से अधिक देशों के 2,000 से ज्यादा प्रदर्शक (exhibitors) और 50,000 से अधिक इंडस्ट्री प्रोफेशनल्स के शामिल होने की उम्मीद है। CPHI इंडिया मुख्य रूप से एक्टिव फार्मास्युटिकल इंग्रीडिएंट्स (APIs), फिनिश्ड डोजेज फॉर्मूलेशन, नेचुरल एक्सट्रैक्ट्स और CDMO सेवाओं पर केंद्रित होगा। दूसरी ओर, PMEC इंडिया में फार्मा मशीनरी, पैकेजिंग उपकरण, लैब सिस्टम और क्लीनरूम टेक्नोलॉजी जैसे मैन्युफैक्चरिंग सॉल्यूशंस का प्रदर्शन किया जाएगा।
विजिटर्स के लिए 'कनेक्शन प्रोग्राम' के जरिए खास मीटिंग्स और 'स्टार्टअप मार्केट' जैसे आकर्षक पैकेज भी रखे गए हैं। यह आयोजन भारत की वैश्विक फार्मा लीडरशिप को और मजबूती देगा। गौरतलब है कि उत्पादन वॉल्यूम के मामले में भारत दुनिया में तीसरे स्थान पर है और वित्त वर्ष 2024-25 के दौरान भारतीय फार्मा उद्योग का वार्षिक टर्नओवर 4.72 लाख करोड़ रुपये दर्ज किया गया है।