मानिंदर सिरसा मानहानि मामला: सौरभ भारद्वाज समेत AAP के तीन नेताओं को कोर्ट ने भेजा नोटिस
मानिंदर सिंह सिरसा द्वारा दर्ज मानहानि मामले में राउज एवेन्यू कोर्ट ने सौरभ भारद्वाज और अन्य AAP नेताओं को नोटिस जारी किया है।

दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने मानिंदर सिंह सिरसा द्वारा दर्ज एक मानहानि शिकायत पर कड़ा रुख अपनाते हुए आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता सौरभ भारद्वाज, विधायक संजीव झा और कपिल कुमार को नोटिस जारी किया है। यह मामला एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान लगाए गए गंभीर आरोपों से जुड़ा है, जिसे सिरसा ने अपनी और अपने परिवार की वैश्विक छवि को नुकसान पहुँचाने वाला बताया है।
अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (ACJM) ने इस मामले में शिकायतकर्ता के बयान और तीन गवाहों की गवाही दर्ज करने के बाद यह कदम उठाया है। कोर्ट ने अब तीनों AAP नेताओं को नोटिस भेजकर अपना जवाब दाखिल करने का मौका दिया है। इस मामले की अगली सुनवाई 18 नवंबर को तय की गई है।
'गुल्लक चोरी' के आरोपों से छवि खराब करने का दावा
अपनी शिकायत में मानिंदर सिंह सिरसा ने आरोप लगाया है कि सौरभ भारद्वाज और अन्य नेताओं ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन पर 'गुल्लक चोरी', 'चावल चोरी' और हजारों करोड़ के घोटाले के झूठे आरोप लगाए। सिरसा के मुताबिक, उन पर 400-450 करोड़ रुपये की गुल्लक चोरी, हर महीने 600 करोड़ की चावल चोरी और कुल 11,000 करोड़ रुपये के घोटाले का दावा किया गया, जो पूरी तरह निराधार है।
सिरसा ने कोर्ट को बताया कि सिख धर्म में 'गुल्लक' का बहुत महत्व है और किसी सिख के लिए 'गुल्लक चोर' शब्द का इस्तेमाल करना सबसे बुरा आरोप है। उन्होंने कहा कि इन आरोपों के सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से फैलने के बाद लोग उनसे सवाल करने लगे हैं और उनके करीबी लोग भी उनसे दूरी बनाने लगे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि सौरभ भारद्वाज ने पहले भी कई बार उनके लिए 'गुल्लक चोर' जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया है, जिससे उनकी बेदाग छवि को गहरा धक्का लगा है। सिरसा ने यह भी जानकारी दी कि उन्होंने इन आरोपों को वापस लेने और सार्वजनिक रूप से माफी मांगने के लिए कानूनी नोटिस भी भेजा था, लेकिन कोई सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं मिली।