सीएम योगी ने मेरठ में कांवड़ यात्रियों पर की पुष्पवर्षा, पश्चिमी यूपी में गूंजा हर-हर बम-बम

Kittu Kumari8 August 20262 min read39 viewsNCR
सीएम योगी ने मेरठ में कांवड़ यात्रियों पर की पुष्पवर्षा, पश्चिमी यूपी में गूंजा हर-हर बम-बम

मेरठ में श्रावण मास की दशमी तिथि पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर भोलेबाबा के भक्तों और कांवड़ यात्रियों पर श्रद्धा के पुष्प बरसाए। कांवड़ मार्ग पर हेलिकॉप्टर से भी शिवभक्तों पर पुष्पवर्षा की गई, जिससे पूरा पश्चिमी उत्तर प्रदेश ‘हर-हर, बम-बम’ के उद्घोष से गूंज उठा। मुख्यमंत्री ने कांवड़ यात्रा को भक्ति, समर्पण, सामाजिक व राष्ट्रीय एकता और समरसता का अनुपम उदाहरण बताया और प्रदेश सरकार की ओर से समस्त शिवभक्त कांवड़ यात्रियों का स्वागत व अभिनंदन किया।

कांवड़ मार्ग का हवाई सर्वेक्षण और सुरक्षा व्यवस्था

आयोजन स्थल पर पहुंचने से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हेलिकॉप्टर से कांवड़ यात्रा का अवलोकन किया और प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए भोलेबाबा के भक्तों की श्रद्धा को नमन किया। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को कांवड़ यात्रियों की नियमित सुरक्षा, सम्मान और सुविधा की समुचित व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। पवित्र गंगाजल लेकर शिव मंदिरों में जलाभिषेक करने निकले कांवड़ यात्रियों की गूंज से समूचा कांवड़ पथ गुंजायमान हो उठा। मुख्यमंत्री ने पुष्पवर्षा कर उन्हें अहसास कराया कि यह आस्था का सम्मान करने वाली सरकार है।

लाखों शिवभक्तों की भागीदारी और प्रशासनिक मुस्तैदी

पत्रकारों से संवाद करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि श्रावण मास में पावन कांवड़ यात्रा अपने चरम पर है और लाखों शिवभक्त हरिद्वार में हर की पैड़ी से गंगाजल लेकर पवित्र शिवालयों में जलाभिषेक कर रहे हैं। गाजियाबाद से हरिद्वार के बीच सावन की शिवरात्रि तक चार-साढ़े चार करोड़ शिवभक्तों के गंगाजल लेकर पहुंचने की आशा है। मुजफ्फरनगर के शिवचौक के साथ ही मेरठ के बाबा औघड़नाथ मंदिर, गाजियाबाद के बाबा दूधेश्वर नाथ मंदिर, बागपत के पुरा महादेव मंदिर और दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, पंजाब, हिमाचल प्रदेश के भी लाखों शिवभक्त इस यात्रा का हिस्सा बने हैं।

शिवभक्तों पर जारी रहेगी हेलिकॉप्टर से पुष्पवर्षा

मुख्यमंत्री ने बताया कि जिला प्रशासन, पुलिसकर्मी, सेक्टर मजिस्ट्रेट, और तमाम पुलिस अधिकारी पूरी श्रद्धाभाव के साथ सुरक्षा सुनिश्चित कर रहे हैं, जबकि समाजसेवी-धर्मार्थ संगठन शिविरों के माध्यम से यात्रियों की सुविधाओं पर ध्यान दे रहे हैं। कांवड़ यात्रियों पर आज, कल व परसों (शिवरात्रि) तक हेलिकॉप्टर से पुष्पवर्षा होगी। इस अवसर पर राज्यमंत्री सोमेन्द्र तोमर, जलशक्ति राज्यमंत्री दिनेश खटीक, सांसद अरूण गोविल, बिजनौर सांसद चन्दन चौहान, बागपत सांसद राजकुमार सांगवान, राज्यसभा सांसद लक्ष्मीकांत बाजपेई, महापौर हरिकान्त अहलूवालिया, विधायक अमित अग्रवाल, विधायक गुलाम मौहम्मद, एमएलसी धर्मेन्द्र भारद्वाज, एमएलसी अश्वनी त्यागी, जिलाध्यक्ष हरवीर पाल, महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तौगी, एडीजी भानु भास्कर, कमिश्नर भानु चन्द्र गोस्वामी, डीआईजी कलानिधि नैथानी, जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह, एसएसपी अविनाश पांडे सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Share:

Comments

Leave a comment