सीएम रेखा गुप्ता ने तमिलनाडु के 'युवा संगम' प्रतिनिधिमंडल से की मुलाकात, साझा की दिल्ली की खूबियां
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 'युवा संगम' के तहत तमिलनाडु से आए 84 छात्रों और शिक्षकों के प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को दिल्ली सचिवालय में तमिलनाडु से आए एक विशेष प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की। यह दल 'युवा संगम फेज-7' पहल के तहत देश की राजधानी के दौरे पर है। इस मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने तमिलनाडु के 84 छात्रों और उनके साथ आए फैकल्टी समन्वयकों का गर्मजोशी से स्वागत किया। यह पूरा कार्यक्रम केंद्र सरकार के 'एक भारत श्रेष्ठ भारत' अभियान का एक हिस्सा है, जिसका उद्देश्य अलग-अलग राज्यों के युवाओं के बीच सांस्कृतिक सेतु बनाना है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि उनकी मौजूदगी देश की युवा ऊर्जा, आकांक्षाओं और असीम संभावनाओं का प्रतीक है। उन्होंने जोर देकर कहा कि युवा संगम जैसे प्रोग्राम छात्रों को दूसरे राज्यों की संस्कृति, परंपराओं और उनके विकास के सफर को समझने का मौका देते हैं। इससे न केवल आपसी विश्वास और सम्मान बढ़ता है, बल्कि राष्ट्रीय एकता भी मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'एक भारत श्रेष्ठ भारत' के विजन को साकार करती है, जहां युवा गवर्नेंस और इनोवेशन के साथ-साथ अलग-अलग राज्यों के जीवन अनुभवों को करीब से जान सकते हैं।
सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक दिल्ली का संगम
बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने तमिलनाडु की समृद्ध सभ्यता, साहित्य, कला और विज्ञान व तकनीक के क्षेत्र में वहां के योगदान की जमकर तारीफ की। उन्होंने छात्रों से कहा कि दिल्ली की यात्रा के दौरान वे यहां की सांस्कृतिक विविधता और शासन व्यवस्था को करीब से देखें। सीएम ने उन्हें दिल्ली के आधुनिक ट्रांसपोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर, विशेष रूप से मेट्रो नेटवर्क और नई ईवी पॉलिसी के तहत चलने वाले इलेक्ट्रिक बसों के बेड़े को देखने के लिए प्रोत्साहित किया। साथ ही, उन्होंने युवाओं को राजधानी के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों का भ्रमण करने का सुझाव दिया।
मुख्यमंत्री ने युवाओं का आह्वान किया कि वे अपनी सोच और इनोवेशन से 'विकसित भारत @2047' के लक्ष्य को हासिल करने में योगदान दें। उन्होंने छात्रों से यह भी कहा कि वे अपने अनुभवों को अपने परिवार और दोस्तों के साथ साझा करें ताकि अंतर-राज्यीय संबंध और अधिक प्रगाढ़ हो सकें।
इस अवसर पर उच्च शिक्षा मंत्रालय के उप सचिव श्रेयांश मोहन, युवा संगम फेज-7 के नोडल ऑफिसर प्रोफेसर के.पी. सिंह, एसजीटीबी खालसा कॉलेज के प्रिंसिपल प्रोफेसर गुरमोहिंदर सिंह और सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ तमिलनाडु के प्रोफेसर नागेश्वर राव डी और श्रीअंश मिश्रा भी मौजूद थे। बता दें कि सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ तमिलनाडु के ये 84 सदस्य 26 अक्टूबर से 1 नवंबर तक दिल्ली के दौरे पर हैं।