'दिल्ली की बेटियों की सुरक्षा और सम्मान सर्वोपरि', सीएम रेखा गुप्ता ने कॉलेज छात्राओं से की चर्चा

Kittu Kumari12 October 20262 min read0 viewsDelhi Local
'दिल्ली की बेटियों की सुरक्षा और सम्मान सर्वोपरि', सीएम रेखा गुप्ता ने कॉलेज छात्राओं से की चर्चा

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को राजधानी के विभिन्न कॉलेजों की छात्राओं के साथ एक अहम बैठक की। मुख्यमंत्री जन सेवा सदन में आयोजित इस संवाद के दौरान महिलाओं की सुरक्षा, कैंपस सिक्योरिटी और पब्लिक ट्रांसपोर्ट की सुविधाओं जैसे गंभीर मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। सीएम रेखा गुप्ता ने छात्राओं को भरोसा दिलाया कि उनकी शिकायतों और सुझावों पर प्राथमिकता के साथ काम किया जाएगा। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि दिल्ली की बेटियों की सुरक्षा, गरिमा और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना उनकी सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है।

स्मार्ट स्ट्रीट लाइट्स और व्हाट्सएप ग्रुप से मिलेगी मदद

बैठक के दौरान छात्राओं ने शिक्षण संस्थानों के आसपास अंधेरे वाले इलाकों और खराब लाइटिंग की समस्या उठाई। इस पर मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि दिल्ली भर में करीब एक लाख स्मार्ट स्ट्रीट लाइट्स लगाने का काम चल रहा है, जो इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC) से जुड़ी होंगी। उन्होंने बताया कि ये लाइटें वार्षिक रखरखाव अनुबंध (AMC) के तहत होंगी, जिससे खराब लाइट को एक तय समय सीमा के भीतर ठीक करना अनिवार्य होगा। कॉलेजों के आसपास जहां भी रोशनी की कमी है, वहां स्थानीय एजेंसियों और कॉलेज प्रशासन के साथ मिलकर तुरंत कदम उठाए जाएंगे।

DelhiBreakings की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

शिकायतों के त्वरित निपटारे के लिए सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि छात्राओं और पुलिस व प्रशासन के बीच सीधा संपर्क बनाए रखने के लिए एक समर्पित व्हाट्सएप ग्रुप बनाया जाए। साथ ही, उन्होंने छात्राओं को किसी भी आपात स्थिति में हेल्पलाइन नंबर 112 का तुरंत उपयोग करने की सलाह दी।

इस बैठक में लेडी श्री राम (LSR), गार्गी, दौलत राम, जीसस एंड मैरी (JMC), मैत्री, अदिति महाविद्यालय, भारती कॉलेज और जानकी देवी मेमोरियल कॉलेज जैसी प्रमुख संस्थाओं की छात्राएं शामिल हुईं। छात्राओं ने अपनी मांगों का एक प्रस्ताव सौंपा, जिसमें मुख्य रूप से निम्नलिखित बिंदु शामिल थे:

  • संवेदनशील इलाकों का सेफ्टी ऑडिट और महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती बढ़ाना।
  • मुखर्जी नगर और सिरी फोर्ट रोड जैसे स्टूडेंट हब पर नियमित गश्त।
  • पिंक बूथों को पूरी तरह सक्रिय करना।
  • ऑफ-कैंपस कॉलेजों के लिए DTC और 'यूनिवर्सिटी स्पेशल' बसों की बेहतर कनेक्टिविटी।
  • ई-रिक्शा संचालन का नियमन और पीजी (PG) आवासों के आसपास सुरक्षा बढ़ाना।

छात्राओं ने इस बात पर जोर दिया कि सुरक्षा के नाम पर पाबंदियां लगाने के बजाय ऐसे इंतजाम किए जाएं जिससे वे बिना डर के अपनी पढ़ाई और गतिविधियों में हिस्सा ले सकें। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि संवेदनशील और जवाबदेह शासन के लिए सीधा संवाद जरूरी है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि छात्राओं को एक ऐसा डर-मुक्त माहौल दिया जाएगा जहां वे अपनी आकांक्षाओं को पूरा कर सकें और समाज में अपना योगदान दे सकें।

Share:

Comments

Leave a comment