सीएम रेखा गुप्ता ने कॉलेज छात्रों से की बातचीत, कैंपस सुरक्षा और शिक्षा पर मांगे सुझाव

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को राजधानी के विभिन्न कॉलेजों से आए छात्र प्रतिनिधियों के साथ एक अनौपचारिक मुलाकात की। इस खास बातचीत के जरिए मुख्यमंत्री ने युवाओं के मन की बात जानने और उनकी समस्याओं को समझने की कोशिश की। इस मुलाकात की जानकारी मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा करते हुए बताया कि युवाओं के विचार और उनकी महत्वाकांक्षाएं बेहद प्रेरणादायक हैं।
संवाद के दौरान छात्र प्रतिनिधियों ने कैंपस की सुरक्षा, कॉलेजों में उपलब्ध सुविधाओं और शिक्षा के स्तर को और बेहतर बनाने के लिए अपने व्यक्तिगत अनुभव साझा किए और कई महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए। मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से महिला छात्रों के जज्बे की सराहना करते हुए कहा कि आज की बेटियां अपने सपनों को पूरा करने के साथ-साथ एक बेहतर दिल्ली बनाने के विजन में भी बराबरी का योगदान दे रही हैं।
युवाओं की भागीदारी से बनेगी नई नीतियां
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भरोसा दिलाया कि छात्रों द्वारा दिए गए सुझावों को दिल्ली सरकार प्राथमिकता के आधार पर लागू करेगी। उन्होंने एक बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि आने वाले समय में युवाओं की भागीदारी को और बढ़ाया जाएगा। अब भविष्य की युवा नीतियों और आगामी बजट की तैयारी में नियमित संवाद के जरिए छात्रों को शामिल किया जाएगा, ताकि नीतियां जमीनी हकीकत के आधार पर बन सकें।
छात्राओं को प्रोत्साहित करते हुए सीएम ने कहा कि दिल्ली की हर महिला छात्रा को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ना चाहिए और नेतृत्व की भूमिका संभालते हुए अपने सपनों को सच करना चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि छात्रों की समस्याओं का समाधान करना और उनके उज्ज्वल भविष्य को सुनिश्चित करना दिल्ली सरकार की जिम्मेदारी और उसका मुख्य mandate है।