सीएम रेखा गुप्ता ने शालीमार बाग में कई विकास परियोजनाओं का किया उद्घाटन
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शालीमार बाग क्षेत्र में नए पार्क, सार्वजनिक शौचालय और अर्पण केंद्र जैसे कई विकास कार्यों की शुरुआत की।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार, 31 अक्टूबर को शालीमार बाग निर्वाचन क्षेत्र में जनता को कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने इस दौरान इलाके में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए नए पार्क, आधुनिक सार्वजनिक शौचालय और एक विशेष केंद्र का उद्घाटन किया, जिससे स्थानीय निवासियों के जीवन स्तर में सुधार होगा।
विकास कार्यों की श्रृंखला में मुख्यमंत्री ने हैदरपुर के नेहरू कैंप में दो नए नर्सरी पार्क (शिशु वाटिका) का लोकार्पण किया। इन पार्कों को बच्चों के लिए सुरक्षित और हरा-भरा बनाने पर खास जोर दिया गया है। यहाँ मिट्टी भरने से लेकर घास लगाने, नए पौधे लगाने, फुटपाथ बनाने और बच्चों के लिए झूलों की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा, सिंचाई के लिए बोरवेल और बेहतर लाइटिंग की सुविधा भी जोड़ी गई है, ताकि बच्चे एक स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण में खेल सकें।
जनसुविधाओं और पर्यावरण संरक्षण पर जोर
क्षेत्र में स्वच्छता और स्वास्थ्य सुविधाओं को बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री ने दो सार्वजनिक सुविधा परिसरों (Public Convenience Complexes) का उद्घाटन किया। पहला परिसर पीतमपुरा के जीपी ब्लॉक सेवा बस्ती में बनाया गया है, जिसमें महिलाओं के लिए 19 और पुरुषों के लिए 21 शौचालय के साथ कुल 40 टॉयलेट्स और बाथरूम की सुविधा है। वहीं, शालीमार बाग के एओ ब्लॉक सेवा बस्ती में 49 सीटों वाले परिसर को जनता को समर्पित किया गया, जिसमें महिलाओं के लिए 22 और पुरुषों के लिए 27 शौचालय शामिल हैं।
पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री ने पीतमपुरा के कस्तूरबा गांधी पॉलिटेक्निक में 'अर्पण सेंटर' की शुरुआत की। इस केंद्र का मुख्य उद्देश्य पुराने कपड़ों को रीसायकल करना और टेक्सटाइल वेस्ट (कपड़ों के कचरे) को कम करना है, जिससे सर्कुलर इकोनॉमी को बढ़ावा मिल सके।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली का विकास केवल कागजों पर नहीं, बल्कि सड़कों, स्वच्छ वातावरण, बेहतर रोशनी और आधुनिक सुविधाओं के रूप में नागरिकों को मिलना चाहिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि दिल्ली सरकार हर विधानसभा क्षेत्र और बस्ती में नागरिक सुविधाओं को मजबूत करने के लिए निरंतर काम कर रही है, ताकि विकास का लाभ बिना किसी भेदभाव के समाज के हर वर्ग तक पहुंचे।