सीएम रेखा गुप्ता ने संत परमानंद अस्पताल में नए IVF सेंटर का किया उद्घाटन
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सिविल लाइंस स्थित संत परमानंद अस्पताल में आधुनिक IVF सेंटर का उद्घाटन किया।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को सिविल लाइंस स्थित संत परमानंद अस्पताल में एक नए और आधुनिक आईवीएफ (IVF) सेंटर का उद्घाटन किया। इस नए सेंटर की शुरुआत उन परिवारों के लिए एक बड़ी उम्मीद लेकर आई है जो संतान सुख की चाह में हैं। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि आधुनिक मेडिकल टेक्नोलॉजी और विशेषज्ञ सेवाओं से लैस यह सेंटर कई परिवारों के जीवन में खुशियां लाने का जरिया बनेगा।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी खुशी जाहिर करते हुए लिखा कि दिल्ली में स्वास्थ्य सुविधाओं का लगातार विस्तार हो रहा है और आधुनिक चिकित्सा सेवाओं की उपलब्धता बढ़ना शहर के लिए एक सुखद संकेत है। उन्होंने इस नई पहल के लिए संत परमानंद अस्पताल के डॉक्टरों और पूरी टीम को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
स्वास्थ्य सेवाओं में अग्रणी है संत परमानंद अस्पताल
सेंट्रल दिल्ली में स्थित संत परमानंद अस्पताल एक 153 बेड वाला मल्टी-स्पेशियलिटी संस्थान है। पिछले 13 वर्षों में इस अस्पताल ने अपनी बेहतरीन स्वास्थ्य सेवाओं के दम पर एक खास पहचान बनाई है। यहाँ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त डॉक्टरों की टीम उपलब्ध है। अस्पताल में जॉइंट रिप्लेसमेंट सर्जरी, ट्रॉमा केयर, इंटेंसिव केयर, आई केयर और हाई-रिस्क प्रसूति एवं मातृत्व सेवाओं पर विशेष जोर दिया जाता है।
मानवीय सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता निभाते हुए यह अस्पताल समाज के वंचित वर्गों की मदद के लिए भी तत्पर रहता है। अस्पताल द्वारा समय-समय पर मुफ्त नेत्र शिविर, पोलियो टीकाकरण कार्यक्रम और मुफ्त ओपीडी (OPD) व इमरजेंसी सेवाएं प्रदान की जाती हैं, ताकि गरीब से गरीब व्यक्ति को भी बेहतर इलाज मिल सके।