दिल्ली यूनिवर्सिटी में महिला सुरक्षा का जायजा लेने पहुंचीं सीएम रेखा गुप्ता, दिए सुधार के निर्देश

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को दिल्ली यूनिवर्सिटी के नॉर्थ कैंपस का दौरा किया। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य कैंपस में छात्राओं की सुरक्षा व्यवस्थाओं का जमीनी स्तर पर जायजा लेना और उनकी समस्याओं को सीधे तौर पर समझना था। मुख्यमंत्री ने नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट स्थित इंटीग्रेटेड पुलिस बूथ पर महिला छात्राओं के साथ बातचीत की और उनकी सुरक्षा से जुड़ी चुनौतियों पर चर्चा की।
छात्राओं ने मुख्यमंत्री के सामने कैंपस की सुरक्षा, आने-जाने के लिए ट्रांसपोर्ट की कमी और हॉस्टलों की खस्ताहाल स्थिति जैसे गंभीर मुद्दे उठाए। छात्राओं का कहना था कि कुछ इलाकों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं हैं, जिससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ता है।
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए दिए निर्देश
छात्राओं की शिकायतों और सुझावों को सुनने के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने तुरंत एक्शन लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कैंपस के आसपास की स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त किया जाए ताकि अंधेरे वाले इलाकों में रोशनी हो सके। इसके साथ ही उन्होंने फुटपाथों की मरम्मत कराने और सुरक्षा घेरे को मजबूत करने के लिए सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाने के आदेश दिए।
मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि प्रशासन छात्राओं की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह गंभीर है और जल्द ही इन बुनियादी सुविधाओं में सुधार देखने को मिलेगा, ताकि कैंपस में पढ़ने वाली लड़कियां खुद को सुरक्षित महसूस कर सकें।