सीएम रेखा गुप्ता ने किया ब्लाइंड रिलीफ एसोसिएशन के दिवाली बाजार का उद्घाटन
दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता ने ब्लाइंड रिलीफ एसोसिएशन के दिवाली बाजार का उद्घाटन किया। यह बाजार दृष्टिबाधित लोगों की मदद के लिए लगाया गया है।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने नई दिल्ली स्थित ब्लाइंड रिलीफ एसोसिएशन के परिसर में 'दिवाली बाजार 2026' का आधिकारिक तौर पर उद्घाटन किया। 30 अक्टूबर को आयोजित इस कार्यक्रम के जरिए मुख्यमंत्री ने दृष्टिबाधित व्यक्तियों के हुनर को प्रोत्साहित किया। करीब पांच दशकों से चली आ रही यह परंपरा इस बार भी जारी है, जहां 5 नवंबर तक सात दिनों के लिए बाजार लगाया गया है।
इस बाजार की सबसे खास बात यह है कि यहां 250 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं। इन स्टॉल्स पर दृष्टिबाधित लोगों द्वारा तैयार किए गए हाथ से बने सामान बेचे जा रहे हैं। इस बिक्री से होने वाली पूरी कमाई का इस्तेमाल दृष्टिबाधित बच्चों और युवाओं के लिए मुफ्त शिक्षा और व्यावसायिक प्रशिक्षण कार्यक्रमों को चलाने में किया जाएगा।
'कैफे मस्त' में दिखा युवाओं का आत्मविश्वास
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने विभिन्न स्टॉल्स का भ्रमण किया और वहां मौजूद कलाकारों से बातचीत करते हुए कुछ हस्तशिल्प उत्पाद खरीदे। इस मौके पर उन्होंने 'कैफे मस्त' का भी दौरा किया, जिसे एसोसिएशन के मल्टी-स्किल ट्रेनिंग प्रोग्राम के तहत प्रशिक्षित दृष्टिबाधित युवाओं द्वारा संचालित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने वहां भोजन किया और युवाओं की प्रोफेशनल कार्यक्षमता और उनके आत्मविश्वास की जमकर तारीफ की।
मुख्यमंत्री ने दिल्लीवासियों से अपील की है कि वे इस बाजार में आएं और खरीदारी कर दृष्टिबाधित लोगों को आर्थिक रूप से स्वतंत्र बनाने में मदद करें। उन्होंने जोर देकर कहा कि शारीरिक चुनौतियां किसी के सपनों या टैलेंट के बीच बाधा नहीं बन सकतीं। उन्होंने विश्वास जताया कि दृष्टिबाधित नागरिकों में अद्भुत रचनात्मकता और कौशल होता है।
सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए सीएम ने कहा कि राजधानी में दिव्यांगजनों के लिए समान अवसर और सुलभ बुनियादी ढांचा उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। साथ ही, उन्होंने एक बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि 'मुख्यमंत्री जनसेवा सदन' के लिए आवश्यक सजावटी और उपयोगिता की वस्तुएं इसी साल के दिवाली बाजार से खरीदी जाएंगी।