गुरुग्राम: सीएम नायब सैनी ने कार्यकर्ताओं को किया सम्मानित, राम मंदिर और अनुच्छेद 370 पर की चर्चा

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुग्राम में भाजपा कार्यकर्ताओं से संवाद किया और राम मंदिर व अनुच्छेद 370 जैसे बड़े फैसलों पर चर्चा की।

Kittu Kumari4 November 20261 min read0 viewsNCR
गुरुग्राम: सीएम नायब सैनी ने कार्यकर्ताओं को किया सम्मानित, राम मंदिर और अनुच्छेद 370 पर की चर्चा

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को गुरुग्राम के भारतीय जनता पार्टी कार्यालय 'गुरुकमल' में एक विशेष कार्यक्रम के दौरान पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ आत्मीय संवाद किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने उन पुराने और समर्पित कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया, जिन्होंने वर्षों के कड़े संघर्ष और निष्ठा से पार्टी की नींव को मजबूत बनाया है। मुख्यमंत्री ने साफ तौर पर कहा कि भाजपा की आज जो संगठनात्मक ताकत दिखती है, वह इन्हीं कार्यकर्ताओं के कठिन परिश्रम का परिणाम है।

केंद्र सरकार के ऐतिहासिक फैसलों और जन कल्याण पर जोर

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने केंद्र सरकार द्वारा राष्ट्रहित में लिए गए बड़े फैसलों का जिक्र किया। उन्होंने अयोध्या में भव्य श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के निर्माण, जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 को हटाए जाने और तीन तलाक के खिलाफ कानून बनाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की। सीएम ने बताया कि ये निर्णय देश की एकता और अखंडता के लिए मील का पत्थर साबित हुए हैं।

इसके साथ ही, मुख्यमंत्री ने हरियाणा और केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि सरकार जो विकास कार्य और समाज के पिछड़े वर्गों के लिए प्रयास कर रही है, उसकी जानकारी हर आम नागरिक तक पहुंचानी चाहिए ताकि समाज का हर वर्ग लाभान्वित हो सके।

भावुक होते हुए मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को अपने परिवार का हिस्सा बताया। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ स्थित उनका निवास 'संत कबीर कुटीर' इन सभी कार्यकर्ताओं के लिए हमेशा खुला है और वे कभी भी नि:संकोख उनसे मिल सकते हैं। इस कार्यक्रम में गुरुग्राम जिलाध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी, मंत्री राव नरबीर सिंह, विधायक मुकेश शर्मा, तेजपाल तंवर और बिमला चौधरी समेत कई दिग्गज नेता मौजूद रहे।

DelhiBreakings की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment