कमला नेहरू कॉलेज में CM ने किया 'वंदे मातरम ब्लॉक' का उद्घाटन, छात्राओं के लिए शुरू कीं दो स्पेशल बसें

दिल्ली की मुख्यमंत्री ने कमला नेहरू कॉलेज में 'वंदे मातरम एकेडेमिक ब्लॉक' का उद्घाटन किया और छात्राओं के लिए दो विशेष बस रूट शुरू किए।

Kittu Kumari21 November 20262 min read0 viewsDelhi Local
कमला नेहरू कॉलेज में CM ने किया 'वंदे मातरम ब्लॉक' का उद्घाटन, छात्राओं के लिए शुरू कीं दो स्पेशल बसें

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को दिल्ली यूनिवर्सिटी के कमला नेहरू कॉलेज में आयोजित 'डे सेलिब्रेशन' के दौरान नए 'वंदे मातरम एकेडेमिक ब्लॉक' का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने छात्राओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दिल्ली परिवहन निगम (DTC) की दो नई 'यूनिवर्सिटी लेडीज स्पेशल' बस सेवाओं की भी शुरुआत की।

छात्राओं के लिए शुरू की गई ये 'U-स्पेशल' बसें लक्ष्मी नगर और ग्रीन पार्क मेट्रो स्टेशनों से सीधे कमला नेहरू कॉलेज और गार्गी कॉलेज के आसपास के इलाकों को जोड़ेंगी। सरकार के मुताबिक, ये बसें सुबह 8 बजे से 10.30 बजे तक मेट्रो स्टेशनों से चलेंगी और दोपहर 3 बजे से शाम 5.30 बजे तक कॉलेजों से वापसी के लिए उपलब्ध रहेंगी। छात्राओं की सुविधा के लिए हर 30 मिनट में बसें चलाई जाएंगी।

शिक्षा और सुरक्षा पर सरकार का जोर

DelhiBreakings की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार शैक्षिक बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और छात्रों की जरूरतों के अनुसार सुविधाओं का विस्तार करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने जोर देकर कहा कि महिलाओं को न केवल बेहतर शिक्षा, बल्कि सुरक्षित और भरोसेमंद परिवहन मिलना भी जरूरी है।

कॉलेज की उपलब्धियों की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि कमला नेहरू कॉलेज ने 400 छात्रों से शुरू होकर अब सालाना 4,000 से अधिक छात्रों को शिक्षित करने तक का सफर तय किया है, जो कॉलेज प्रशासन और शिक्षकों की मेहनत का परिणाम है। उन्होंने अपने छात्र जीवन को याद करते हुए कहा कि दिल्ली यूनिवर्सिटी ने ही उनके सार्वजनिक जीवन की नींव रखी और नेतृत्व क्षमता विकसित करने में मदद की।

इस कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर गुजरात सेंट्रल यूनिवर्सिटी की कुलपति प्रोफेसर विजिता सिंह अग्रवाल और दिल्ली यूनिवर्सिटी साउथ कैंपस की डायरेक्टर प्रोफेसर रजनी अब्बी सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

Share:

Comments

Leave a comment