सीएम धामी ने दिल्ली में पीएम मोदी से की मुलाकात, उत्तराखंड की पारंपरिक धरोहर भेंट की
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दिल्ली में पीएम मोदी से मुलाकात कर मार्गदर्शन लिया और राज्य की पारंपरिक धरोहर भेंट की।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार को देश की राजधानी नई दिल्ली पहुंचे, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) से मिली जानकारी के अनुसार, सीएम धामी ने इस मुलाकात के दौरान प्रधानमंत्री से विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन लिया और राज्य के विकास से जुड़ी चर्चाएं कीं।
इस मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री मोदी को उत्तराखंड की समृद्ध लोक कला, विरासत और स्थानीय उत्पादों का एक विशेष संग्रह भेंट किया। उन्होंने प्रधानमंत्री को मल्लारी का पारंपरिक हाथ से बुना हुआ कोट फैब्रिक (पट्टी) और ऊनी वस्त्र 'डोरखा' प्रदान किया। इसके अलावा, उन्होंने उत्तराखंड के शुद्ध शहद, बद्री घी, हर्षिल राजमा और लाल चावल जैसे प्रसिद्ध स्थानीय उत्पाद भी भेंट किए। खास बात यह रही कि उन्होंने मां गंगा की एक प्रतिकृति भी सौंपी, जो हरिद्वार कुंभ-2027 की भव्यता का प्रतीक है।
यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ से भी की चर्चा
प्रधानमंत्री से मुलाकात से पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को लखनऊ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी शिष्टाचार भेंट की। इस बैठक में दोनों राज्यों के बीच लंबित संपत्ति और परिसंपत्तियों के विवादों को सुलझाने पर विस्तृत चर्चा हुई। विशेष रूप से सिंचाई विभाग और अन्य विभागों से जुड़े मुद्दों और पहले लिए गए निर्णयों के प्रभावी कार्यान्वयन पर जोर दिया गया।
सीएम धामी ने इस दौरान बनबसा बैराज और नगरा बाईपास नहर की मरम्मत के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने सिंचाई विभाग के अंतर्गत आने वाले पुराने और जर्जर पुलों, जैसे झनकईया ब्रिज और सूखा ब्रिज के पुनर्निर्माण और मजबूती की आवश्यकता पर बात की। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि ये परियोजनाएं जनहित में अत्यंत महत्वपूर्ण हैं और स्थानीय निवासियों की सुरक्षा, सुगम आवाजाही और किसानों के लिए बेहतर सिंचाई सुविधाओं के लिए इनका प्राथमिकता के आधार पर पूरा होना जरूरी है।