सुप्रीम कोर्ट परिसर में CJI सूर्यकांत ने किया दिल्ली सरकार के हेल्थ सेंटर विस्तार का उद्घाटन

देश की सबसे बड़ी अदालत यानी सुप्रीम कोर्ट के परिसर में अब वकीलों और कर्मचारियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (CJI) सूर्यकांत ने सुप्रीम कोर्ट परिसर में स्थित दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य केंद्र (DGHS) के नए विस्तार विंग का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की अहमियत पर जोर देते हुए कहा कि सेहत एक ऐसा विषय है जिस पर कोई समझौता नहीं किया जा सकता।
उद्घाटन के बाद मीडिया से बात करते हुए जस्टिस सूर्यकांत ने इस आधुनिक क्लिनिक को तैयार करने में मदद के लिए दिल्ली सरकार और उसके स्वास्थ्य विभाग का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह क्लिनिक बार के सदस्यों, कोर्ट स्टाफ और अधिवक्ताओं से जुड़े कर्मचारियों के लिए एक बड़ी सुविधा साबित होगा।
एक ही छत के नीचे मिलेंगी कई तरह की चिकित्सा सुविधाएं
इस नए हेल्थ सेंटर की सबसे खास बात यह है कि यहाँ मरीजों को अलग-अलग चिकित्सा प्रणालियों का लाभ मिलेगा। केंद्र में आयुर्वेदिक, होम्योपैथिक और एलोपैथिक तीनों तरह के इलाज उपलब्ध होंगे। इसके अलावा, बुनियादी जांच के लिए एक्स-रे और ब्लड टेस्ट जैसी डायग्नोस्टिक सुविधाएं भी यहाँ मौजूद हैं।
CJI ने जानकारी दी कि इस सेंटर की सीधी कनेक्टिविटी बड़े स्पेशलाइज्ड अस्पतालों जैसे मौलाना आजाद इंस्टीट्यूट ऑफ डेंटल साइंसेज और आरएमएल अस्पताल से की गई है, जिससे अल्ट्रासाउंड जैसी उन्नत जांचें कराना आसान हो जाएगा। उन्होंने खुशी जाहिर की कि बार सदस्यों की लंबे समय से लंबित मांग को आखिरकार पूरा कर लिया गया है।