Choose France Tour 2026: दिल्ली में उमड़े छात्र, फ्रांस में उच्च शिक्षा के लिए मिले शानदार मौके

नई दिल्ली के होटल ले मेरिडियन में आयोजित Choose France Tour 2026 में छात्रों और उनके अभिभावकों का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। इस इवेंट का मुख्य उद्देश्य भारतीय छात्रों को फ्रांस की बेहतरीन यूनिवर्सिटीज, बिजनेस स्कूलों और इंजीनियरिंग संस्थानों से सीधे रूबरू कराना था, ताकि वे अपने भविष्य के लिए सही शैक्षणिक विकल्प चुन सकें।
इस टूर के दिल्ली चैप्टर में फ्रांस के 50 से अधिक प्रतिष्ठित संस्थानों ने हिस्सा लिया। यहां मैनेजमेंट, इंजीनियरिंग, डिजाइन, क्रिएटिव आर्ट्स, हॉस्पिटैलिटी और गैस्ट्रोनॉमी जैसे अलग-अलग क्षेत्रों के विशेषज्ञ मौजूद थे। छात्रों ने केवल ऑनलाइन रिसर्च के बजाय सीधे प्रतिनिधियों से बातचीत कर एडमिशन प्रक्रिया, कोर्स की बारीकियों और फ्रांस में करियर की संभावनाओं के बारे में जाना।
भारत-फ्रांस साझेदारी और 30,000 छात्रों का लक्ष्य
इस अवसर पर भारतीय दूतावास में फ्रांस की डिप्टी हेड ऑफ मिशन, लिसा एमोन ने कहा कि शिक्षा अब भारत और फ्रांस की विशेष वैश्विक रणनीतिक साझेदारी का एक बेहद महत्वपूर्ण हिस्सा बन गई है। उन्होंने बताया कि फ्रांस का लक्ष्य 2030 तक 30,000 भारतीय छात्रों को अपने यहां आमंत्रित करना है। यह विजन न केवल शैक्षणिक संबंधों को मजबूत करेगा, बल्कि भविष्य के इंजीनियरों और उद्यमियों के लिए नए रास्ते खोलेगा।
इवेंट के दौरान कैंपस फ्रांस इंडिया की काउंसलिंग टीम ने छात्रों को वीजा प्रक्रिया, रहने की व्यवस्था और फ्रांस में छात्र जीवन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। इसके अलावा, ग्रेजुएशन की तैयारी करने वाले छात्रों को 'क्लासेज इंटरनेशनलिस' (Classes Internationales) के बारे में बताया गया, जो एक फाउंडेशन ईयर प्रोग्राम है। इसमें भाषा प्रशिक्षण के साथ-साथ शैक्षणिक तैयारी कराई जाती है, जो वर्तमान में 30 से अधिक संस्थानों में उपलब्ध है।
बता दें कि भारत और फ्रांस के बीच शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग तेजी से बढ़ रहा है। कैंपस फ्रांस के आंकड़ों के अनुसार, 2024-25 में फ्रांस की उच्च शिक्षा में भारतीय छात्रों के नामांकन में 17% की वृद्धि हुई है, जिससे कुल संख्या 9,100 तक पहुंच गई है। इस बढ़ोतरी के साथ ही भारत अब फ्रांस में अंतरराष्ट्रीय छात्रों के मामले में 11वें सबसे बड़े स्रोत देश के रूप में उभरा है।