बच्चों में बढ़ रहा है मायोपिया, क्या स्क्रीन टाइम है इसकी बड़ी वजह? एक्सपर्ट्स से जानें बचाव के तरीके
क्या आपके बच्चे की आंखों की रोशनी कम हो रही है? एक्सपर्ट्स से जानें स्क्रीन टाइम और मायोपिया के बीच का संबंध और बचाव के तरीके।

आजकल हर घर में बच्चों के हाथ में स्मार्टफोन या टैबलेट नजर आता है। चाहे ऑनलाइन क्लास हो, होमवर्क हो या फिर गेमिंग, स्क्रीन अब बच्चों की जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुकी है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि यह डिजिटल दुनिया आपके बच्चे की आंखों की रोशनी छीन रही है? एक्सपर्ट्स ने चेतावनी दी है कि स्क्रीन के ज्यादा इस्तेमाल से बच्चों में 'मायोपिया' (Myopia) यानी निकट दृष्टि दोष का खतरा तेजी से बढ़ रहा है।
कंसल्टेंट ऑप्थल्मोलॉजिस्ट डॉ. वत्सला निधि के मुताबिक, मायोपिया एक ऐसी स्थिति है जिसमें बच्चों को पास की चीजें तो साफ दिखती हैं, लेकिन दूर की चीजें धुंधली नजर आने लगती हैं। उन्होंने बताया कि हालांकि केवल स्क्रीन ही एकमात्र कारण नहीं है, लेकिन डिजिटल डिवाइस का अत्यधिक उपयोग इसका एक बड़ा जोखिम है। इसके अलावा जेनेटिक कारण, लंबे समय तक पास का काम करना और बाहर धूप में कम समय बिताना भी इस समस्या को बढ़ाते हैं।
कैसे बचें? अपनाएं ये आसान टिप्स
डॉ. निधि का कहना है कि माता-पिता को डिजिटल डिवाइसेस को पूरी तरह बंद करने की जरूरत नहीं है, बल्कि स्वस्थ आदतें विकसित करनी चाहिए। इसके लिए वे निम्नलिखित सुझाव देती हैं:
- स्क्रीन टाइम की सीमा तय करें: मनोरंजन और गेमिंग के लिए स्क्रीन के इस्तेमाल का समय तय करें।
- दूरी बनाए रखें: बच्चों को सिखाएं कि मोबाइल या किताब को आंखों के बहुत करीब रखकर न पढ़ें।
- 20-20-20 का नियम: हर 20 मिनट के बाद, लगभग 20 फीट दूर किसी चीज को 20 सेकंड तक देखें।
- आउटडोर एक्टिविटी: कोशिश करें कि बच्चे रोजाना कम से कम दो घंटे बाहर खेलें। खुली हवा और प्राकृतिक रोशनी मायोपिया के खतरे को कम करती है।
अक्सर माता-पिता यह सवाल पूछते हैं कि क्या स्क्रीन टाइम कम करने से मायोपिया ठीक हो सकता है? एक्सपर्ट्स का कहना है कि स्क्रीन टाइम कम करना अच्छी आदत है, लेकिन अगर बच्चे को पहले से मायोपिया है, तो यह उसका इलाज नहीं है। ऐसी स्थिति में तुरंत नेत्र विशेषज्ञ से सलाह लेनी चाहिए। डॉक्टर की सलाह पर लो-डोज एट्रोपिन आई ड्रॉप्स या विशेष मायोपिया-कंट्रोल लेंस का उपयोग किया जा सकता है।
सावधान रहें: बच्चे अक्सर यह नहीं बता पाते कि उन्हें धुंधला दिख रहा है। अगर आपका बच्चा टीवी के बहुत करीब जाकर बैठता है, क्लास में सबसे आगे की बेंच पर बैठने की जिद करता है या दूर की चीजों को देखने के लिए आंखें सिकोड़ता है, तो यह खतरे का संकेत हो सकता है। ऐसे में तुरंत आंखों की जांच करवाएं।