नंगली विहार में खुले मैनहोल का कहर: सीवर में गिरा 4 साल का मासूम, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
दिल्ली के नंगली विहार में एक 4 साल का बच्चा खुले मैनहोल में गिर गया। NDRF और फायर सर्विस की टीमें बच्चे की तलाश में जुटी हैं।

देश की राजधानी दिल्ली के नंगली विहार इलाके से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां एक 4 साल का मासूम बच्चा अचानक खुले सीवर के मैनहोल में गिर गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और तुरंत पुलिस व बचाव दलों को सूचना दी गई। फिलहाल, बच्चे को ढूंढने के लिए युद्ध स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है, लेकिन अब तक कोई सफलता हाथ नहीं लगी है।
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा 10 नवंबर की दोपहर करीब 3:21 बजे हुआ। पीड़ित बच्चे की पहचान इमरान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि इमरान अपनी मां के साथ दास गार्डन पार्क आया था। जब वह सर्विस रोड के किनारे बने एक खुले मैनहोल के पास पहुंचा, तो अचानक उसका संतुलन बिगड़ा और वह सीधे गहरे सीवर में जा गिरा।
बचाव कार्य में जुटे कई विभाग, पुलिस ने दर्ज किया केस
घटना की सूचना मिलते ही रनहोला पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली फायर सर्विस, नेशनल डिजास्टर रिस्पांस फोर्स (NDRF), दिल्ली डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी (DDMA) और बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (BSF) की टीमों को तैनात किया गया। गंदा नाला और खेरी बाबा पुल के आसपास सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
बच्चे के पिता खुर्शीद आलम ने बताया कि उनका बेटा पार्क में खेलने आया था और जब वह लघुशंका के लिए सीवर की तरफ गया, तो खुले मैनहोल की वजह से हादसे का शिकार हो गया। वहीं, एसडीएम रजत मल्होत्रा ने कहा कि प्रशासन पूरी कोशिश कर रहा है और NDRF की टीम मौके पर मौजूद है।
इस मामले में पुलिस ने लापरवाही को देखते हुए रनहोला थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106(1) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि मैनहोल खुला क्यों था और इसके लिए कौन जिम्मेदार है।