वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन: चार्ल्स माताता ने रचा इतिहास, बनाया नया कोर्स रिकॉर्ड

राजधानी दिल्ली की सड़कों पर रविवार को रफ्तार का जबरदस्त रोमांच देखने को मिला। वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन 2026 में केन्या के धावक चार्ल्स माताता ने अपनी अविश्वसनीय गति से सबको हैरान कर दिया। माताता ने न केवल पुरुषों की एलीट कैटेगरी में जीत हासिल की, बल्कि 58 मिनट और 52 सेकंड का समय निकालकर एक नया कोर्स रिकॉर्ड भी स्थापित कर दिया। उन्होंने इथियोपिया के अमडेवर्क वालेलेग्न के 2020 के रिकॉर्ड (58 मिनट 53 सेकंड) को महज एक सेकंड के अंतर से पीछे छोड़ दिया।
इस प्रतियोगिता में केन्याई धावकों का दबदबा रहा। सैमवेल न्यामाई मैलु 59 मिनट 24 सेकंड के साथ दूसरे स्थान पर रहे, जबकि स्टेनली वैथाका म्बुरु 59 मिनट 33 सेकंड के साथ तीसरे स्थान पर रहे। वहीं, महिलाओं की एलीट कैटेगरी में इथियोपिया की वुडिनेश आलेमु ने बाजी मारी। उन्होंने 1 घंटे 6 मिनट और 35 सेकंड में रेस पूरी कर पहला स्थान हासिल किया। केन्या की शीला चेपकिरुई दूसरे और सिंथिया चेमवेनो तीसरे स्थान पर रहीं।
भारतीय धावकों का प्रदर्शन और पुरस्कार
भारतीय एलीट कैटेगरी में भी कड़ी टक्कर देखने को मिली। पुरुषों में शैलेश कुशवाहा ने 1 घंटे 5 मिनट और 5 सेकंड के समय के साथ पहला स्थान प्राप्त किया। उनके पीछे गौरव माथुर और हेमंत कुमार क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे। महिलाओं के वर्ग में अंकिता ध्यानी ने 1 घंटे 12 मिनट और 46 सेकंड में दौड़ पूरी कर जीत दर्ज की, जबकि सोनिया और भागीरथी ने दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया।
प्रोकाम इंटरनेशनल द्वारा आयोजित इस भव्य आयोजन की कुल पुरस्कार राशि 275,732 अमेरिकी डॉलर थी। एलीट कैटेगरी के पुरुष और महिला विजेताओं को 27,000 डॉलर दिए गए। खास बात यह रही कि कोर्स रिकॉर्ड तोड़ने के लिए चार्ल्स माताता को 12,000 डॉलर का अतिरिक्त बोनस भी मिला।