चांदनी चौक के ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत? दिल्ली सरकार ने दिए सख्त एक्शन के निर्देश
दिल्ली सरकार ने चांदनी चौक में ट्रैफिक जाम और अतिक्रमण हटाने के लिए सख्त निर्देश दिए हैं। अब अवैध पार्किंग और बसों पर होगी कड़ी कार्रवाई।

पुरानी दिल्ली का दिल कहे जाने वाले चांदनी चौक में अब ट्रैफिक की समस्या और भीड़भाड़ से निजात मिल सकती है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने चांदनी चौक में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि इलाके की ऐतिहासिक पहचान को बरकरार रखते हुए यहां की व्यवस्थाओं में तेजी लाई जाए। इस बैठक में सांसद प्रवीण खंडेलवाल और शहरी विकास मंत्री आशीष सूद समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे, जहां ट्रैफिक मैनेजमेंट और अतिक्रमण जैसे गंभीर मुद्दों पर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सड़कों और फुटपाथों से अतिक्रमण हटाने के लिए दिल्ली पुलिस, एमसीडी और पीडब्ल्यूडी को मिलकर काम करना होगा। ट्रैफिक को सुगम बनाने के लिए अब एक संयुक्त प्रवर्तन टीम (Joint Enforcement Team) बनाई जाएगी, जिसमें दिल्ली पुलिस, ट्रैफिक पुलिस और एमसीडी के अधिकारी शामिल होंगे। यह टीम विशेष रूप से श्यामा प्रसाद मुखर्जी मार्ग पर अवैध पार्किंग और बसों के जरिए होने वाले माल परिवहन पर कड़ी नजर रखेगी।
अवैध बसों और अतिक्रमण पर होगी कड़ी कार्रवाई
कश्मीरी गेट आईएसबीटी के पास फ्लाईओवर पर बसों की भारी भीड़ को लेकर मुख्यमंत्री ने गहरी चिंता जताई। उन्होंने परिवहन विभाग को निर्देश दिए कि बुरारी आईएसबीटी को जल्द से जल्द चालू किया जाए। तब तक बसों को परिसर के भीतर सरफेस पार्किंग का उपयोग करने की अनुमति होगी। इसके साथ ही, पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन के पास चलने वाली अवैध बसों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और भारी जुर्माना लगाने के आदेश दिए गए हैं।
सिर्फ ट्रैफिक ही नहीं, बल्कि आम जनता की सुविधाओं पर भी जोर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने महिलाओं के लिए शौचालयों की संख्या बढ़ाने और शिकायतों के पंजीकरण के लिए क्यूआर कोड आधारित सिस्टम शुरू करने का निर्देश दिया है। इलाके की सफाई के लिए तीन शिफ्टों में 120 सफाईकर्मी तैनात हैं। साथ ही, पीडब्ल्यूडी द्वारा सड़कों की मरम्मत, नालों के रखरखाव और ग्रीन बेल्ट को सुधारने का काम किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि चांदनी चौक दिल्ली का केंद्र है और इसे व्यवस्थित बनाकर लोगों के लिए सुविधाजनक बनाना प्राथमिकता है।