चांदनी चौक में निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत गिरी, मलबे में दबने से 2 की मौत
चांदनी चौक के शीश महल इलाके में तीन मंजिला निर्माणाधीन इमारत गिरने से दो लोगों की जान चली गई। मलबे में दबे लोगों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चला।

देश की राजधानी दिल्ली के भीड़भाड़ वाले इलाके चांदनी चौक में एक बड़ा हादसा हो गया है। यहां गौरी बाजार और चावड़ी बाजार मेट्रो स्टेशन के पास स्थित शीश महल की गली सत्तारा में एक निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत अचानक ढह गई। इस दर्दनाक हादसे में दो लोगों की मौत हो गई है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत राहत बचाव कार्य शुरू किया गया।
दिल्ली पुलिस और फायर विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 9:50 बजे पैवेलां थाना क्षेत्र से इमारत गिरने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की छह यूनिट्स, जिनमें वॉटर टेंडर, क्विक रिस्पांस व्हीकल और इंसिडेंट रिस्पांस टीम शामिल थीं, मौके पर पहुंचीं। स्टेशन ऑफिसर डीके राय ने बताया कि इमारत के गिरने से कई लोग मलबे में दब गए थे, जिन्हें निकालने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में ऑपरेशन चलाया गया।
चश्मदीदों ने बयां किया खौफनाक मंजर
हादसे के वक्त वहां मौजूद मोहम्मद नईम नामक चश्मदीद ने बताया कि सुबह करीब 9 से 9:30 बजे के बीच एक जोरदार धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। आवाज इतनी तेज थी कि लोगों को लगा उनका अपना घर गिर गया हो। जब बाहर निकलकर देखा तो पता चला कि बगल में बन रही तीन मंजिला इमारत ढह चुकी है। एक घायल मजदूर के मुताबिक, वहां करीब तीन-चार लोग काम कर रहे थे। बताया जा रहा है कि यह इमारत पिछले 3-4 महीनों से बनाई जा रही थी और इसके लिंटल्स ढल चुके थे, जो अचानक एक साथ गिर गए।
इस घटना के बाद राजनीतिक गलियारों में भी हलचल तेज हो गई है। आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने इस हादसे पर गहरा दुख जताते हुए प्रशासन और एमसीडी (MCD) पर निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर सवाल उठाए कि जब दिल्ली की इमारतों का सेफ्टी ऑडिट किया जा रहा है, तो फिर इस तरह के हादसे क्यों हो रहे हैं? भारद्वाज ने संबंधित विभागों में भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि असली सुरक्षा जांच के बजाय रिश्वतखोरी का खेल चल रहा है, जिसके कारण लोग अपनी जान गंवा रहे हैं।