चंडीगढ़ प्रशासन ने नेचुरल गैस पर वैल्यू एडेड टैक्स यानी वैट की दर को 12.5 प्रतिशत से घटाकर 5 प्रतिशत कर दिया है। यह नया फैसला 18 सितंबर 2026 की आधी रात से लागू हो गया है। इस सरकारी फैसले से चंडीगढ़ केंद्र शासित प्रदेश में कंप्रेस्ड नेचुरल गैस यानी सीएनजी और पाइप्ड नेचुरल गैस यानी पीएनजी का उपयोग करने वाले उपभोक्ताओं को बड़ा टैक्स लाभ मिलेगा।
इस वैट कटौती से चंडीगढ़ में नेचुरल गैस अधिक सस्ती होने की उम्मीद है।
इससे शहर में नेचुरल गैस के बुनियादी ढांचे के विकास और विस्तार को और बढ़ावा मिलेगा। प्रशासन का कहना है कि इस कदम से चंडीगढ़ में स्वच्छ ईंधन विकल्पों की व्यापक उपलब्धता और लोगों द्वारा उसका उपयोग भी प्रोत्साहित होगा। यह जानकारी आधिकारिक विज्ञप्ति के माध्यम से दी गई है।
इस बीच, पेट्रोलियम और नेचुरल गैस मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि गोबरधन योजना के तहत कंप्रेस्ड बायोगैस यानी सीबीजी के संशोधित मूल्य ढांचे का उद्देश्य उत्पादकों को एक स्थिर मूल्य प्रदान करना है।
इससे सीएनजी और घरेलू पीएनजी उपभोक्ताओं पर इसका प्रभाव नगण्य रहेगा। मंत्रालय ने एक मीडिया रिपोर्ट को खारिज किया था जिसमें यह सुझाव दिया गया था कि सीबीजी की संशोधित कीमत से उपभोक्ताओं पर भारी अतिरिक्त बोझ पड़ सकता है। मंत्रालय के अनुसार, सरकार की ओर से वहनीयता सहायता प्रदान की जा रही है और लागत को घरेलू गैस पूल में बांटा जा रहा है।