CEC ज्ञानेश कुमार की Z+ सुरक्षा बढ़ाई गई, CISF ने तैनात किए अतिरिक्त जवान

देश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में कथित गड़बड़ियों को लेकर जारी हंगामे के बीच मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार की सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने उनके 'Z+' श्रेणी के सुरक्षा घेरे में 'अतिरिक्त रिजर्व' कर्मियों की तैनाती की है। यह फैसला मौजूदा सुरक्षा स्थिति और संभावित खतरों के आकलन के बाद लिया गया है।
अधिकारियों के मुताबिक, 7 अक्टूबर को अतिरिक्त रिजर्व तैनाती बढ़ाने के आदेश के बाद यह कदम उठाया गया। सुरक्षा बलों की यह नई तैनाती मुख्य चुनाव आयुक्त के न्यू मोती बाग कॉलोनी स्थित दिल्ली निवास, चुनाव आयोग के कार्यालय और उनके व्यक्तिगत सुरक्षा घेरे में की गई है।
विरोध प्रदर्शनों के बीच एहतियाती कदम
गौरतलब है कि विपक्षी गठबंधन 'INDIA' ब्लॉक द्वारा देशभर में व्यापक विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और प्रियंका गांधी वाड्रा सहित समाजवादी पार्टी और तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के नेतृत्व में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और उन्हें हटाने की मांग की जा रही है। विपक्षी दलों ने चुनाव आयोग पर चुनावी हेरफेर करने और सरकार की 'कठपुतली' के रूप में काम करने का गंभीर आरोप लगाया है।
सुरक्षा अधिकारियों ने यह स्पष्ट किया है कि यह कदम उनकी सुरक्षा श्रेणी को अपग्रेड करना नहीं है, बल्कि मौजूदा Z+ सुरक्षा को ही और मजबूत करना है। ज्ञानेश कुमार पहले से ही Z+ सुरक्षा श्रेणी में हैं, जो देश में दूसरी सबसे ऊंची सुरक्षा व्यवस्था है (सबसे ऊंची SPG होती है)। अधिकारियों ने बताया कि रिजर्व पूल से अतिरिक्त जवानों की तैनाती केवल एक एहतियाती उपाय है, ताकि मौजूदा तनावपूर्ण माहौल में उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।