दिल्ली-NCR में प्रदूषण घटाने का बड़ा प्लान: CAQM ने तय किया 2027 तक 20% कटौती का लक्ष्य
CAQM ने 2027 तक दिल्ली-NCR में प्रदूषण स्तर को 15-20% कम करने का लक्ष्य रखा है, अब जिला स्तर पर बनेगी एक्शन प्लान।

दिल्ली और आसपास के इलाकों में जहरीली हवा से निपटने के लिए कमीशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट (CAQM) ने एक बड़ा और सख्त कदम उठाया है। आयोग ने साल 2027 तक दिल्ली-NCR में वार्षिक औसत वायु प्रदूषण स्तर को कम करने के लिए एक अनिवार्य लक्ष्य निर्धारित किया है। इस योजना के तहत प्रदूषण के स्तर में कम से कम 15 प्रतिशत और अधिकतम 20 प्रतिशत तक की कटौती करने का लक्ष्य रखा गया है।
इस बार की रणनीति में सबसे बड़ा बदलाव यह है कि अब केवल राज्य या नगर निगम स्तर पर ही नहीं, बल्कि पहली बार जिला स्तर पर भी एक्शन प्लान तैयार किए जाएंगे। CAQM ने दिल्ली सरकार और NCR के अन्य राज्यों को पत्र लिखकर निर्देश दिया है कि वे राज्य, जिला और नगर निगम स्तर पर 2027 के लिए व्यापक वार्षिक कार्य योजना तैयार करें। इसका मुख्य उद्देश्य केवल कागजी गतिविधियों की सूची बनाना नहीं, बल्कि जमीन पर मापने योग्य परिणाम हासिल करना है।
जवाबदेही तय करने के लिए अधिकारियों के नाम होंगे दर्ज
प्रदूषण नियंत्रण के उपायों को सख्ती से लागू करने के लिए CAQM ने जवाबदेही तय करने का कड़ा तरीका अपनाया है। अब हर एक्शन पॉइंट के साथ उस जिम्मेदार विभाग, एजेंसी और संबंधित अधिकारी का नाम, पद और संपर्क विवरण देना अनिवार्य होगा। इससे यह सुनिश्चित किया जा सकेगा कि अगर कोई काम समय पर पूरा नहीं होता है, तो सीधे तौर पर जिम्मेदार अधिकारी की पहचान की जा सके।
इस व्यापक योजना के तहत कई प्रमुख प्रदूषण स्रोतों पर फोकस किया जाएगा, जिनमें शामिल हैं:
- वाहनों से होने वाला प्रदूषण और सड़कों पर उड़ने वाली धूल।
- औद्योगिक उत्सर्जन और निर्माण एवं विध्वंस (C&D) गतिविधियां।
- नगर निगम के ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और फसल अवशेष (पराली) का प्रबंधन।
- डीजल जनरेटर सेट और श्मशान घाटों से निकलने वाला धुआं।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि 2027 के लिए ये योजनाएं 2026 के मुकाबले AQI, PM2.5 और PM10 के स्तर में वास्तविक सुधार लाने के लिए बनाई जाएंगी। इन सभी योजनाओं को CAQM के ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से जमा और मॉनिटर किया जाएगा। राज्य सरकारों को निर्देश दिया गया है कि वे जिला मजिस्ट्रेटों और नगर निगमों को जल्द से जल्द तैयारी शुरू करने के लिए कहें, ताकि 5 दिसंबर 2026 तक अंतिम योजनाएं जमा की जा सकें।