Operation Clean Air: दिल्ली की सड़कों पर CAQM की छापेमारी, 17 जगह मिले उल्लंघन

राजधानी दिल्ली में प्रदूषण के खिलाफ जंग तेज हो गई है। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने 'ऑपरेशन क्लीन एयर' के तहत दिल्ली की सड़कों पर सघन निरीक्षण अभियान चलाया, जिसमें 17 गंभीर उल्लंघन पाए गए हैं। यह कार्रवाई शनिवार, 3 अक्टूबर 2026 को की गई, जिसका मकसद सड़कों पर उड़ने वाली धूल और मलबे को नियंत्रित करना था।
इस विशेष अभियान के दौरान CAQM की चार फ्लाइंग स्क्वाड टीमों ने दिल्ली के करीब 25 सड़क हिस्सों की जांच की। करीब 35 किलोमीटर लंबे दायरे में यह सर्वे किया गया, जिसमें इनर रिंग रोड और आउटर रिंग रोड जैसे व्यस्त इलाके भी शामिल थे। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कई जगहों पर निर्माण और विध्वंस (C&D) का कचरा जमा था और सड़कों पर धूल की मोटी परत जमी हुई थी।
PWD को सुधार के सख्त निर्देश
CAQM ने अपनी रिपोर्ट में साफ किया है कि सड़कों पर जमा यह कचरा और धूल वाहनों की आवाजाही के कारण हवा में घुल जाते हैं, जिससे वायु गुणवत्ता (Air Quality) पर बेहद बुरा असर पड़ता है। इस लापरवाही को देखते हुए आयोग ने लोक निर्माण विभाग (PWD) और अन्य संबंधित सड़क एजेंसियों को तुरंत सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। आयोग ने जोर दिया है कि सड़कों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए और जमा मलबे को तुरंत हटाया जाए ताकि धूल मुक्त वातावरण बन सके।
बता दें कि यह कार्रवाई 1 अक्टूबर 2026 को हुई एनफोर्समेंट टास्क फोर्स की 140वीं बैठक के बाद की गई है। इससे पहले 8 से 24 सितंबर के बीच भी औद्योगिक इकाइयों और डीजल जनरेटर सेटों के 197 निरीक्षण किए गए थे, जिनमें 85 उल्लंघन दर्ज किए गए थे। CAQM ने स्पष्ट किया है कि दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में प्रदूषण नियंत्रण उपायों को सख्ती से लागू करने के लिए 'ऑपरेशन क्लीन एयर' के तहत ऐसे निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेंगे।