NCR में प्रदूषण कम करने के लिए CAQM ने गठित की 15 सदस्यीय एक्सपर्ट कमेटी
CAQM ने NCR में इस्तेमाल होने वाले स्वीकृत ईंधनों की समीक्षा के लिए 15 सदस्यीय विशेषज्ञ समिति बनाई है।

नेशनल कैपिटल रीजन (NCR) में हवा की गिरती गुणवत्ता और बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने एक बड़ा कदम उठाया है। आयोग ने क्षेत्र में इस्तेमाल होने वाले स्वीकृत ईंधनों (Approved Fuels) की व्यापक समीक्षा करने के लिए 15 सदस्यों वाली एक विशेषज्ञ उप-समिति का गठन किया है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य यह जाँचना है कि वर्तमान में इस्तेमाल हो रहे ईंधन पर्यावरण के लिए कितने सुरक्षित हैं और क्या उन्हें बदलने की जरूरत है।
यह समिति न केवल NCR के भीतर, बल्कि इसके आसपास के उन इलाकों में भी प्रदूषण फैलाने वाले ईंधनों के उपयोग की जांच करेगी, जिनका असर सीधे तौर पर दिल्ली और आसपास की हवा पर पड़ता है। CAQM का मानना है कि क्षेत्रीय सीमाओं के बाहर से आने वाला उत्सर्जन भी स्थानीय वायु गुणवत्ता को खराब करने में बड़ी भूमिका निभाता है।
साफ ऊर्जा की ओर बढ़ेंगे कदम
इस हाई-लेवल कमेटी की कमान CAQM के सदस्य-तकनीकी त्रिलोक सिंह पंवार को सौंपी गई है। इस पैनल में देश के प्रतिष्ठित संस्थानों और मंत्रालयों के विशेषज्ञ शामिल हैं, जिनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं:
- IIT कानपुर और IIT दिल्ली के विशेषज्ञ
- नीति आयोग (NITI Aayog)
- पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय, कोयला मंत्रालय और बिजली मंत्रालय
- नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय
- IOCL, GAIL और केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB)
- CSIR और द एनर्जी एंड रिसोर्सेज इंस्टीट्यूट (TERI)
समिति का मुख्य काम 23 जून 2022 को जारी किए गए दिशा-निर्देश संख्या 65 के तहत स्वीकृत ईंधनों की सूची का पुनर्मूल्यांकन करना है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि औद्योगिक, वाहन, व्यावसायिक और घरेलू क्षेत्रों से होने वाला उत्सर्जन हवा की खराब गुणवत्ता का सबसे बड़ा कारण है। इस समीक्षा के बाद, कमेटी अपनी रिपोर्ट सौंपेगी, जिसके आधार पर भविष्य में क्लीन एनर्जी और स्वच्छ ईंधन के विकल्पों को बढ़ावा देने के लिए नई नीतियां और नियामक उपाय लागू किए जाएंगे।