दिल्ली में त्योहारों की चमक बढ़ाएगा BSES, अब 'ततकल' सेवा से 24 घंटे में मिलेगा बिजली कनेक्शन

दिल्ली में दुर्गा पूजा, रामलीला और दिवाली मेलों की तैयारियां जोरों पर हैं। ऐसे में आयोजकों की मुश्किलों को दूर करने के लिए BSES ने एक शानदार पहल की है। BSES राजधानी पावर लिमिटेड (BRPL) और BSES यमुना पावर लिमिटेड (BYPL) अब त्योहारों, शादियों और अन्य विशेष आयोजनों के लिए 'ततकल' अस्थायी बिजली कनेक्शन सेवा शुरू कर रहे हैं। इस सुविधा के जरिए अब उपभोक्ता महज 24 घंटे के भीतर बिजली कनेक्शन पा सकेंगे।
अक्सर त्योहारों के समय आयोजक बिजली के लिए डीजल जेनरेटर सेट पर निर्भर रहते हैं, जिससे न केवल शोर होता है बल्कि वायु प्रदूषण भी बढ़ता है। BSES की इस नई सेवा का मकसद लोगों को जेनरेटर का एक सस्ता और प्रदूषण मुक्त विकल्प देना है। कंपनी का कहना है कि तकनीक और सरल प्रक्रियाओं के इस्तेमाल से अब प्रोसेसिंग समय को सात दिनों से घटाकर केवल 24 घंटे कर दिया गया है, बशर्ते सभी जरूरी औपचारिकताएं और तकनीकी शर्तें पूरी हों।
आवेदन कैसे करें और क्या है प्रक्रिया?
उपभोक्ताओं के लिए आवेदन की प्रक्रिया को बेहद आसान बनाया गया है। इच्छुक लोग निम्नलिखित माध्यमों से 'ततकल' कनेक्शन के लिए अप्लाई कर सकते हैं:
- BSES की आधिकारिक वेबसाइट और मोबाइल ऐप्स (BRPL Power App / BYPL Connect) के जरिए।
- WhatsApp, कस्टमर केयर सेंटर्स या डिजी सेवा केंद्रों के माध्यम से।
- कॉल सेंटर नंबर 19123 (BRPL) और 19122 (BYPL) पर संपर्क करके।
- जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय में दिल्ली सरकार के 'सिंगल विंडो सिस्टम' के जरिए भी आवेदन किया जा सकता है।
खास बात यह है कि सभी भुगतानों के लिए डिजिटल माध्यम उपलब्ध कराए गए हैं। त्योहारों के दौरान बिजली आपूर्ति में कोई बाधा न आए, इसके लिए BSES ने अपनी ऑपरेशन और मेंटेनेंस टीमों को हाई अलर्ट पर रखा है। कंपनी ने रामलीला और दिवाली मेलों के आयोजकों से अपील की है कि वे अवैध वायरिंग या जेनरेटर के बजाय अधिकृत अस्थायी कनेक्शन का ही चुनाव करें ताकि सुरक्षा सुनिश्चित रहे और प्रदूषण भी कम हो।