BML Munjal University ने गुरुग्राम कैंपस में मनाया दूसरा स्थापना दिवस, मोबिलिटी के भविष्य पर हुई चर्चा
गुरुग्राम स्थित BML Munjal University ने अपना दूसरा स्थापना दिवस मनाया, जहां भविष्य की मोबिलिटी और रिसर्च पर चर्चा हुई।

गुरुग्राम स्थित BML Munjal University (BMU) ने अपने कैंपस में दूसरा वार्षिक स्थापना दिवस बड़े उत्साह के साथ मनाया। हीरो ग्रुप के प्रमोटरों द्वारा स्थापित यह यूनिवर्सिटी अपने संस्थापक और पूर्व हीरो ग्रुप चेयरमैन, दिवंगत पद्म भूषण डॉ. बृजमोहन लाल मुंजाल की विरासत को सम्मान देने के लिए इस खास दिन को समर्पित करती है। इस मौके पर यूनिवर्सिटी ने 'SAAR – Showcase of Action, Achievement and Reflection' का दूसरा संस्करण आयोजित किया, जिसमें उद्योग जगत, सरकार, शिक्षा, परोपकार और कला क्षेत्र की कई दिग्गज हस्तियों ने शिरकत की।
कार्यक्रम में रॉकमेन इंडस्ट्रीज के मैनेजिंग डायरेक्टर और हीरो इलेक्ट्रॉनिका के वाइस चेयरमैन उज्जवल मुंजाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं, अनुसंधान नेशनल रिसर्च फाउंडेशन (ANRF) के सीईओ डॉ. शिवकुमार कल्याणरामन ने गेस्ट ऑफ ऑनर के तौर पर शिरकत की। इस पूरे आयोजन का मुख्य उद्देश्य शिक्षा और उद्योग के बीच की दूरी को कम करना और नवाचार को बढ़ावा देना रहा।
मोबिलिटी की चुनौतियों पर मंथन और रिसर्च की नई राह
इस स्थापना दिवस का सबसे खास हिस्सा 'रीइमेजिनिंग द फ्यूचर ऑफ मोबिलिटी: टेक्नोलॉजी, इंक्लूजन एंड सोशल इम्पैक्ट' विषय पर आधारित एक लीडरशिप चर्चा रही। इस बंद कमरे के सत्र में 16 अलग-अलग संगठनों और संस्थानों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इस चर्चा की अध्यक्षता कस्टमाइज्ड एनर्जी सॉल्यूशंस के ई-मोबिलिटी डायरेक्टर गुरुशरण ढिल्लों और बीएमयू के स्ट्रैटेजी एंड डेवलपमेंट के वाइस प्रेसिडेंट डॉ. दविंदर सिंह ने की।
यह सत्र बॉश (Bosch) और एसोचैम (ASSOCHAM) के सहयोग से आयोजित किया गया था। इसमें मारुति सुजुकी, एथर, रॉकमेन, जेबीएम ग्रुप, स्पार्क मिंडा और यूनो मिंडा जैसे बड़े नाम शामिल थे। इन कंपनियों ने मोबिलिटी क्षेत्र की उन चुनौतियों को सामने रखा, जिन्हें अब बीएमयू के फैकल्टी सदस्य और छात्र अपने रिसर्च और जॉइंट प्रोजेक्ट्स के जरिए हल करने की कोशिश करेंगे। इस पूरी चर्चा के आधार पर एसोचैम के साथ मिलकर एक विस्तृत रिसर्च डॉक्यूमेंट भी तैयार किया जाएगा।
बता दें कि गुरुग्राम, हरियाणा में स्थित बीएमयू हीरो ग्रुप की एक नॉन-प्रॉफिट पहल है, जो इंजीनियरिंग, मैनेजमेंट, लिबरल स्टडीज और लॉ जैसे क्षेत्रों में उच्च शिक्षा प्रदान कर रही है।